उत्तर प्रदेश के गोंडा में मंदिर में मिलने आए प्रेमी जोड़े को लोगों ने पकड़ लिया, जिसके बाद परिजनों की मौजूदगी में हिंदू रीति-रिवाज से शादी कराई गई. मंदिर के आसपास मौजूद लोगों ने इस शादी का पूरा वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया है.
यह पूरा मामला गोंडा के खोडारे थाना क्षेत्र का है. गांव के एक मंदिर में प्रेमी अपनी प्रेमिका से मिलने पहुंचा था. इसी दौरान ग्रामीणों ने दोनों को देख लिया, जिसके बाद परिजनों को सूचना दी गई. इसके बाद ग्रामीणों ने दोनों को पकड़कर मंदिर में ही शादी करा दी.
शादी का वीडियो किया वायरल
इस शादी समारोह के दो वीडियो भी सामने आए हैं. एक वीडियो में लड़की ग्रामीणों के कहने पर पहले लड़के को वरमाला पहनाती है, इसके बाद लड़का लड़की को वरमाला पहनाता है. फिर लड़का गांव वालों द्वारा लाए गए सिंदूर से लड़की की मांग सात बार भरता है. इसके बाद लड़की लड़के के पैर छूकर आशीर्वाद लेती है. ग्रामीणों ने यहीं से लड़की को लड़के के साथ भेज दिया.
परिजनों की मौजूदगी में हुई शादी
यह शादी दोनों के परिजनों की मौजूदगी में कराई गई, जिसमें पारंपरिक रीति-रिवाजों का पालन नहीं किया गया. बिना पंडित के ही ग्रामीणों ने खुद शादी की रस्में पूरी कराईं. बुधनी बाजार स्थित मंदिर में हुई इस शादी में दोनों नाबालिगों ने एक-दूसरे को वरमाला पहनाई, वहीं लड़के ने अपनी प्रेमिका की मांग में सिंदूर भरा.
घटना के समय ग्रामीणों की लगी भीड़
घटना के दौरान बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर मौजूद रहे और कई लोग अपने मोबाइल फोन पर वीडियो बनाते नजर आए. बिना पंडित और पारंपरिक हिंदू रीति-रिवाजों के हुई यह शादी अब चर्चा का विषय बनी हुई है. इस शादी पर लोगों की भी अलग-अलग प्रतिक्रियाएं देखने को मिल रही हैं. फिलहाल इलाके में दोनों प्रेमी-प्रेमिका चर्चा के केंद्र में बने हुए हैं.
ये भी पढ़ें: Amethi News: पति ही निकला पत्नी का कातिल, 24 घंटे में मर्डर का खुलासा, हत्या की वजह कर देगी हैरान