भीषण गर्मी झेल रही राजधानी दिल्ली में अचानक मौसम ने करवट ले ली है. आज यानी 18 मार्च से अगले 2 दिनों तक आंधी-तूफान के साथ तेज बारिश का दौर शुरू होने वाला है. भारत मौसम विज्ञान विभाग ने इसके लिए येलो अलर्ट जारी किया है. इससे तापमान में गिरावट और गर्मी से राहत मिलेगी और हवा में भी सुधार देखने को मिलेगा.
दिल्ली एनसीआर में पिछले 24 घंटों के दौरान हल्की धूप देखने को मिली, लेकिन उमस ने लोगों को परेशान किया. बीते दिन हवाओं की गति 10 से 15 किलोमीटर प्रति घंटे रही, जिससे मौसम में चिपचिपाहट बनी रही. अधिकतम तापमान 30 से 31 डिग्री और न्यूनतम तापमान 15 से 16 डिग्री सेल्सियस के आसपास दर्ज किया गया.
मौसम में बड़ा बदलाव
मौसम एजेंसियों के अनुसार अब दिल्ली-एनसीआर का मौसम पूरी तरह बदलने जा रहा है. बारिश और तेज हवाओं का असर अगले 48 घंटों में साफ दिखाई देगा. स्काईमेट वेदर के वरिष्ठ वैज्ञानिक डॉ. महेश पलावत के मुताबिक देशभर में मौसम में बड़ा बदलाव होगा. अगले तीन दिनों तक पहाड़ी इलाकों में भारी बारिश और बर्फबारी की संभावना है. तेज हवाओं और ओलावृष्टि से कुछ क्षेत्रों में फसलों को नुकसान की भी आशंका है.
IMD का अलर्ट और पूर्वानुमान
भारत मौसम विज्ञान विभाग ने भी दिल्ली एनसीआर के लिए विस्तृत पूर्वानुमान जारी किया है. मौसम विभाग के अनुसार 18 मार्च से ही मौसम का मिजाज बदल जाएगा. 30 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं. रुक-रुक कर बारिश और बादल छाए रहने का अनुमान है. अधिकतम तापमान 32 और न्यूनतम 15-16 डिग्री सेल्सियस रह सकता है.
येलो अलर्ट और सावधानी
मौसम विभाग ने 19 और 20 मार्च के लिए येलो अलर्ट जारी किया है, जिसमें तेज हवाओं और बारिश की चेतावनी दी गई है. 19 मार्च को दोपहर से रात के बीच कभी भी बारिश हो सकती है. 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से धूल भरी आंधी चल सकती है. 20 मार्च को नोएडा, गाजियाबाद, गुरुग्राम, फरीदाबाद समेत पूरे दिल्ली एनसीआर में बारिश और तूफान की संभावना है. लोगों को सतर्क रहने और अनावश्यक बाहर निकलने से बचने की सलाह दी गई है.