उत्तर प्रदेश के सोनभद्र से समाजवादी पार्टी के सांसद छोटेलाल ने इलाके के हालातों का गीत गाकर जिक्र किया. लोकसभा की कार्रवाई के दौरान छोटेलाल ने अनोखे अंदाज में क्षेत्र का मुद्दा उठाया. उन्होंने सदन में गीत गाते हुए कहा, ‘सोनभद्र के भईल आज जर्जर हलतिया हो, जर्जर हलतिया एकदम बदतर हलतिया हो… केनुआ के मार गईल मतिया… केनुआ के बिगड़ल हलतिया…रोवेले नजरिया…चगिया नो गढ़ भबुआ में रेल गाड़ी कब आई… सोनभद्र कब जाइ… रेल मंत्री साहेब को लिखे खूब पत्रियां हो…कहिया ले ट्रेन चली सब ओरिया…मंत्री जी सुनी ले पुकरिया रोवेले नजरिया… गांव ले छोटेलाल लाया दरिया… मंत्री जी सुन ले पुकरिया.
इलाके की बदहाल स्थिति का किया जिक्र
सांसद छोटेलाल ने इस गीत के जरिए अपने इलाके की बदहाल स्थिति को सदन के सामने रखा. इस गीत के जरिए छोटेलाल ने कहा कि आज के दौर में सोनभद्र के हालात बहुत खराब हो गए हैं. पारंपरिक लोकगीत से सांसद छोटेलाल ने महफिल लूट ली. छोटेलाल रेल मंत्री के सामने अपनी मांगों को रख रहे थे.
सदन में सांसदों ने लगाए जमकर ठहाके
सपा सांसद का यह गीत सुनने के बाद सदन में मौजूद रेलमंत्री अश्विनी वैष्णव और रेल राज्यमंत्री रवनीत सिंह बिट्टू समेत कई सांसदों ने जमकर ठहाके लगाए. इस दौरान छोटेलाल के पीछे बैठीं मछलीशहर से सांसद प्रिया सरोज भी अपनी हंसी को नहीं रोक पाईं. वीडियो में प्रिया सरोज को भी हंसते हुए देखा जा सकता है.
सपा सांसद ने सदन में रखी अपनी मांग
सोनभद्र में रेल व्यवस्था को लेकर सपा सांसद छोटेलाल ने पीठासीन सभापति कृष्णा प्रसाद तेन्नेटी के सामने अपनी मांग रखी. इस पर सभापति भी मुस्कुराते हुए नजर आए. वीडियो के अंत में छोटेलाल ने कहा कि मंत्री जी इन मांगों को पूरा किया जाए.
वायरल है सांसद का यह अनोखा अंदाज
सपा सांसद का अनोखे तरीके से अपनी मांग उठाने वाला वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. इस वीडियो को इलाके के लोगों समेत उनके समर्थकों द्वारा जमकर शेयर किया जा रहा है. हलांकि सांसद के इस पारंपरिक गीत की हर तरफ चर्चा हो रही है.
ये भी पढ़ें: Varanasi News: गंगा के बीच इफ्तार पार्टी करना पड़ा महंगा, चिकन बिरयानी खाने-फेंकने के आरोप में 14 गिरफ्तार