Skip to content

Nagpur News: ‘परीक्षा देने जा रहा हूं…’, बोलकर निकले छात्र ने मॉल की चौथी मंजिल से कूदकर दी जान

महाराष्ट्र के नागपुर से एक दिल दहला देने वाली और चिंताजनक खबर सामने आई है. 12वीं कक्षा के एक छात्र की एम्प्रेस मॉल परिसर में मौत हो गई. मृतक छात्र की पहचान यश सुनील झाड़े के रूप में हुई है जो मानेवाड़ा के जवाहर नगर इलाके का रहने वाला था. पुलिस ने आकस्मिक मृत्यु का मामला दर्ज कर लिया है और आत्महत्या के पीछे के असली कारणों की जांच शुरू कर दी गई है.

इस पूरे मामले में सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि यश की परीक्षाएं पहले ही समाप्त हो चुकी थीं. इसके बावजूद वह हर दिन घर से यह कहकर निकलता था कि उसे पेपर देने जाना है. कई दिनों तक यह सिलसिला जारी रहा और परिवार को इस बात की भनक तक नहीं लग पाई. घटना वाले दिन भी वह परीक्षा होने का दावा करके घर से निकला था.

देर रात तक नहीं लौटा तो परिवार ने दर्ज कराई गुमशुदगी

घर से निकलने के बाद यश देर रात तक वापस नहीं लौटा. जब परिवार ने उसका मोबाइल फोन मिलाया तो वह बंद मिला. परिवार की चिंता बढ़ती गई और आखिरकार उन्होंने हुडकेश्वर पुलिस स्टेशन में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई. इसी बीच एम्प्रेस मॉल परिसर में उसकी मौत की खबर सामने आई जिससे पूरा परिवार सदमे में आ गया.

आत्महत्या का कारण अभी स्पष्ट नहीं

वहीं पुलिस ने आकस्मिक मृत्यु का मामला दर्ज कर लिया है. गणेश पेठ पुलिस फिलहाल आत्महत्या के पीछे के असली कारण का पता लगाने के लिए जांच कर रही है. यह अभी स्पष्ट नहीं हो पाया है कि परीक्षाएं खत्म होने के बावजूद यश रोज घर से पेपर देने के बहाने क्यों निकलता था और किस दबाव या परेशानी में था. पुलिस परिवार और यश के दोस्तों से पूछताछ कर पूरे मामले की तह तक पहुंचने की कोशिश कर रही है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *