Maharashtra News: महाराष्ट्र के पुणे शहर में कोयता गैंग और आदतन अपराधियों का आतंक लगातार बढ़ता नजर आ रहा है. ताजा मामला सिंहगढ़ रोड इलाके के आनंदनगर का है, जहां 19 साल के युवक की बेरहमी से हत्या कर दी गई. इस घटना से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया है और नागरिकों में दहशत का माहौल बन गया है. मृतक की पहचान करण गिरीश काशिद (उम्र 19, निवासी धायरी) के रूप में हुई है.
मिली जानकारी के मुताबिक, सोमवार (16 तारीख) शाम करीब 6 बजे करण सिंहगढ़ रोड स्थित आनंदनगर के अरविंद सोसाइटी के पास खड़ा था. तभी अचानक तीन हमलावर वहां पहुंचे और बिना किसी चेतावनी के उस पर लोहे के धारदार हथियार से ताबड़तोड़ हमला कर दिया. हमलावरों ने करण के शरीर पर कई वार किए, जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर मौके पर ही खून से लथपथ गिर पड़ा.
घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हुए
घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए. प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि मृतक करण काशिद और आरोपियों के बीच पहले से किसी बात को लेकर विवाद चल रहा था. पुलिस को आशंका है कि इसी पुरानी रंजिश के चलते इस हत्या को अंजाम दिया गया. घटना की सूचना मिलते ही सिंहगढ़ रोड पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और जांच शुरू की. वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक विनय पाटनकर ने अपनी टीम के साथ घटनास्थल का निरीक्षण किया. पुलिस ने पंचनामा कर शव को पोस्टमार्टम के लिए ससून अस्पताल भेज दिया है.
पुलिस मामले की जांच कर रही
फिलहाल पुलिस आरोपियों की पहचान करने और उन्हें गिरफ्तार करने के लिए लगातार प्रयास कर रही है. इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, ताकि आरोपियों तक जल्द से जल्द पहुंचा जा सके. पुलिस का कहना है कि मामले की गहन जांच जारी है और जल्द ही आरोपियों को पकड़ लिया जाएगा.