Skip to content

Hanumangarh News: हनुमानगढ़ में भीषण सड़क हादसा, बस-ट्रक टक्कर में 5 की मौत, 20 से ज्यादा घायल

हनुमानगढ़ के रावतसर थाना क्षेत्र में मंगलवार (17 मार्च) सुबह एक भीषण सड़क हादसे ने पूरे इलाके को हिला दिया. मेगा हाईवे पर बरमसर के पास श्रीगंगानगर से जयपुर जा रही एक यात्री बस और सामने से आ रहे ट्रक की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई. टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बस का अगला हिस्सा बुरी तरह चकनाचूर हो गया. मौके पर ही 5 लोगों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि करीब दो दर्जन यात्री घायल हो गए.

हादसे के तुरंत बाद हाईवे पर अफरा-तफरी मच गई और दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतार लग गई. सूचना मिलते ही रावतसर पुलिस और स्थानीय प्रशासन मौके पर पहुंचा और राहत-बचाव कार्य शुरू किया. पुलिस ने कड़ी मशक्कत के बाद जाम को खुलवाया और यातायात को सुचारू किया.

घायलों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया

घटना में घायल हुए लोगों को एम्बुलेंस के जरिए रावतसर के ट्रोमा सेंटर ले जाया गया. अस्पताल में इलाज के दौरान प्रशासनिक अधिकारी और जनप्रतिनिधि भी मौजूद रहे. एसडीएम संजय कुमार ने स्थिति का जायजा लिया और चिकित्सकों से घायलों की हालत की जानकारी ली.

5 की हालत गंभीर, बड़े अस्पताल रेफर

डॉक्टरों के मुताबिक, घायलों में से 5 लोगों की हालत बेहद नाजुक है. प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें बेहतर इलाज के लिए बड़े अस्पतालों में रेफर कर दिया गया है. बाकी घायलों का इलाज स्थानीय स्तर पर जारी है.

फिलहाल पुलिस ने मृतकों की शिनाख्त शुरू कर दी है और हादसे के कारणों की जांच की जा रही है. शुरुआती तौर पर तेज रफ्तार और लापरवाही को हादसे की वजह माना जा रहा है, हालांकि असली कारण जांच के बाद ही सामने आएंगे.

यह हादसा एक बार फिर सड़क सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े करता है. स्थानीय लोगों ने प्रशासन से इस मार्ग पर सुरक्षा इंतजाम और सख्त निगरानी की मांग की है, ताकि ऐसे हादसों की पुनरावृत्ति रोकी जा सके.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *