Skip to content

दिल्ली के जामिया नगर में अवैध LPG का खेल बेनकाब, 62 सिलेंडर के साथ आरोपी गिरफ्तार

दिल्ली के जामिया नगर इलाके में गैस सिलेंडर की कालाबाजारी का बड़ा मामला सामने आया है. जामिया नगर थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है, जो उत्तर प्रदेश से सिलेंडर लाकर दिल्ली में महंगे दामों पर बेच रहा था. पुलिस ने मौके से 62 एलपीजी सिलेंडर बरामद किए हैं, जिनमें 48 भरे हुए और 14 खाली थे.

16 मार्च को पुलिस टीम बीट पेट्रोलिंग पर थी, तभी जामिया नगर इलाके में एक टाटा ऐस गाड़ी संदिग्ध हालत में खड़ी दिखाई दी. गाड़ी में भारी संख्या में सिलेंडर भरे हुए थे. पुलिस ने जब चालक से पूछताछ की तो वह कोई वैध दस्तावेज नहीं दिखा सका. इसके बाद गाड़ी की तलाशी ली गई, जिसमें 62 सिलेंडर बरामद हुए.

मेरठ से लाकर दिल्ली में होती थी अवैध सप्लाई

जांच में सामने आया कि आरोपी बिना किसी रसीद के सिलेंडर महंगे दामों पर बेच रहा था. वह मेरठ (उत्तर प्रदेश) से सिलेंडर लाकर जामिया नगर में सप्लाई करता था. पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने एक दिन पहले ही करीब 70 सिलेंडर लाकर बेच दिए थे.

इस पूरे नेटवर्क में वाहन मालिक मुकेश का भी नाम सामने आया है, जिसके साथ मिलकर यह अवैध कारोबार चलाया जा रहा था. पुलिस अब मुकेश की तलाश में जुटी है.

गिरफ्तार आरोपी की पहचान शाहनवाज (28) के रूप में हुई है, जो जामिया नगर के जोगा बाई एक्सटेंशन का रहने वाला है और मूल रूप से मेरठ, यूपी का निवासी है. पुलिस जांच में पता चला कि वह करीब दो महीने पहले मुकेश के संपर्क में आया था, जिसके बाद उसने यह अवैध काम शुरू किया.

कानूनी कार्रवाई जारी

पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आवश्यक वस्तु अधिनियम और भारतीय न्याय संहिता (BNS) के तहत मामला दर्ज किया है. साथ ही, अवैध सप्लाई में इस्तेमाल की जा रही टाटा ऐस गाड़ी को भी जब्त कर लिया गया है. पुलिस का कहना है कि इस मामले में और लोगों की संलिप्तता की जांच की जा रही है और जल्द ही पूरे नेटवर्क का खुलासा किया जाएगा.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *