Skip to content

उद्धव ठाकरे ने स्पीकर राहुल नार्वेकर से की मुलाकात, विपक्ष के नेता की नियुक्ति की उठाई मांग

महाराष्ट्र के मुंबई में शिवसेना (UBT) प्रमुख उद्धव ठाकरे ने  सोमवार को विधानसभा अध्यक्ष राहुल नार्वेकर से मुलाक़ात की. इस दौरान उन्होंने विपक्ष के नेता की नियुक्ति की मांग की है. ठाकरे ने कहा कि नई सरकार आने के बाद भी हर साल की तरह इस बार भी दोनों सदनों में विपक्ष के नेता की नियुक्ति नहीं हुई है. इसलिए उनसे मिलकर नियुक्ति करने का आग्रह किया है. उद्धव ठाकरे ने देश में घरेलू गैस की किल्लत पर भी बीजेपी सरकार को घेरा है. साथ ही धर्मान्तरण और धनगर आंदोलन पर भी अपनी राय रखी.

उद्धव ठाकरे ने मौजूदा गैस किल्लत पर कहा, “अगर गैस की आपूर्ति है, तो फिर लंबी कतारें क्यों दिखाई दे रही हैं? मुंबई में 30–40 प्रतिशत होटल बंद हो रहे हैं. यह बात मुख्यमंत्री तक पहुंचनी चाहिए. सरकार जनता की समस्याओं और पीड़ा को समझ नहीं रही, जो कि गंभीर बात है. कमी (टंचाई) और महंगाई में फर्क होता है. अगर कमी नहीं है तो कीमतें क्यों बढ़ रही हैं? अब जनता को खुली आंखों से हालात देखकर जागना चाहिए और सरकार से जवाब मांगना चाहिए. उन्होंने सरकार से स्पष्ट कदम उठाने की मांग की है.

धर्मान्तरण पर कही ये बात

धर्मान्तरण जैसे मुद्दे पर राय रखते हुए ठाकरे ने कहा कि धर्म की स्वतंत्रता सभी को होनी चाहिए. लालच या प्रलोभन देकर धर्मांतरण कराने वालों का हम विरोध करते हैं. अगर कुछ लोग ईडी या पैसों के जरिए धर्मांतरण करा रहे हैं, तो उसका भी विरोध है. पिछले कुछ वर्षों में ऐसी घटनाओं में बढ़ोतरी हुई है. किस समाज या किस इलाके में धर्मांतरण हो रहा है, इसकी जानकारी मिले तो हमारे कार्यकर्ता वहां जाकर काम करेंगे.

धनगर आंदोलन को दिया समर्थन

महारष्ट्र में चल रहे धनगर आंदोलन पर उद्धव ठाकरे ने कहा कि अटल बिहारी वाजपेयी ने 2004 में पंढरपुर में धनगर समाज को आश्वासन दिया था, और वे उसी पार्टी के प्रधानमंत्री थे. अब मौजूदा प्रधानमंत्री को उस वादे को पूरा करना चाहिए. इस मामले में केंद्र सरकार और राज्य के मुख्यमंत्री को तुरंत हस्तक्षेप करना चाहिए. सरकार किसी की भी हो, लेकिन मराठी लोगों पर अन्याय नहीं होना चाहिए.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *