Skip to content

पानीपत: नशे में धुत युवक को रेलवे ट्रैक पर लिटाकर उतारा मौत के घाट, तीन आरोपी गिरफ्तार

पानीपत में होली के दिन लापता हुए 23 वर्षीय कालू की मौत की गुत्थी को रेलवे पुलिस ने सुलझा लिया है. जिसे पहले एक हादसा माना जा रहा था, वह दरअसल एक सोची-समझी साजिश और नृशंस हत्या निकली. पुलिस ने इस मामले में मृतक के ही गांव महमूदपुर के रहने वाले तीन दोस्तों को गिरफ्तार किया है. जिन्होंने पुरानी रंजिश और होली पर हुए विवाद का बदला लेने के लिए इस वारदात को अंजाम दिया.

रेलवे पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और मोबाइल लोकेशन के आधार पर गांव महमूदपुर निवासी संजू, राहुल और विशाल को गिरफ्तार किया है. पूछताछ में इन तीनों ने अपना जुर्म कुबूल कर लिया है. पुलिस के अनुसार, मुख्य आरोपी संजू ही इस पूरी साजिश का मास्टरमाइंड था.

गर्लफ्रेंड को रंग लगाने को लेकर उतारा मौत के घाट

जानकारी के अनुसार, वारदात वाले दिन यानी होली पर कालू ने संजू की एक महिला मित्र (गर्लफ्रेंड) को रंग लगा दिया था. इस बात से संजू बुरी तरह भड़क गया था और उसने उसी वक्त कालू को रास्ते से हटाने का मन बना लिया था. संजू ने बताया कि एक बार कालू उसकी बाइक मांग कर ले गया था, जिसका एक्सीडेंट हो गया. एक्सीडेंट में बाइक काफी क्षतिग्रस्त हो गई थी, लेकिन कालू ने उस नुकसान की भरपाई नहीं की थी.

पहले पिलाई शराब और फिर पेंचकस से किया हमला

आरोपियों ने कालू को मारने के लिए बाकायदा योजना बनाई. शाम के समय संजू उसे घर से बुलाकर ले गया. तीनों आरोपियों ने कालू के साथ शराब पार्टी की. आरोपियों ने खुद बहुत कम शराब पी, लेकिन कालू को जबरन अत्यधिक शराब पिलाई गई ताकि वह खुद को संभाल न सके. जब कालू पूरी तरह नशे में धुत हो गया, तो आरोपी उसे बाइक पर बैठाकर रेलवे ट्रैक के पास ले गए. वहां संजू ने कालू की गर्दन पर दो बार पेंचकस से वार किए. हालांकि, इसके बावजूद कालू की जान नहीं निकली.

ये भी पढ़िए – Panipat News: LPG संकट पर प्रशासन अलर्ट, उपायुक्त बोले- पहले जलेगा हर घर का चूल्हा, फिर चलेंगी फैक्ट्रियां

आरोपियों ने कालू को ट्रैक पर जिंदा लेटाया

जब पेंचकस के वार से कालू नहीं मरा, तो तीनों आरोपियों ने क्रूरता की सारी हदें पार कर दीं. उन्होंने कालू के हाथ-पैर पकड़े और उसे रेलवे ट्रैक के बीचों-बीच लेटा दिया. कालू नशे और चोट के कारण विरोध करने की स्थिति में नहीं था. आरोपियों के वहां से हटते ही तेज रफ्तार ट्रेन आई और कालू का शरीर क्षत-विक्षत हो गया.

मोबाइल लोकेशन से पकड़े गए आरोपी

जीआरपी थाना एसएचओ धर्मपाल के अनुसार, घटना के बाद पुलिस को रेलवे ट्रैक के पास कालू का शव मिला था. रेलवे पुलिस ने जब जांच शुरू की और संदिग्धों के मोबाइल लोकेशन खंगाले, तो संजू और उसके साथियों की मौजूदगी घटनास्थल के पास पाई गई. कड़ाई से पूछताछ करने पर तीनों टूट गए और पूरी सच्चाई बयां कर दी.

ये भी पढ़िए- Sonipat News: मामूली कहासुनी में पहले लाठी-डंडे चले फिर चलीं गोलियां, पैसों को लेकर हुआ विवाद

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *