मध्य प्रदेश के शिवपुरी से एक हैरान करने वाला वीडियो सामने आया है, जो इन दिनों सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रहा है. वीडियो में एक टीचर गैस सिलेंडर के बढ़ते दामों को लेकर पीएम मोदी की मिमिक्री करते दिखा, जिसके बाद उसे निलंबित कर दिया गया है.
कलेक्टर के निर्देश पर टीचर को किया गया निलंबित
रक्तदान अभियान को लेकर चर्चा में आए सेमरखेड़ी बैराड़ में पदस्थ शासकीय शिक्षक साकेत पुरोहित को जिला शिक्षा अधिकारी विवेक श्रीवास्तव ने निलंबित कर दिया है. दरअसल, एक दिन पहले सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर उनका एक वीडियो वायरल हुआ था, जिसमें वह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की नकल करते हुए दिखाई दे रहे थे.
इस वीडियो के वायरल होने के बाद मामले की शिकायत कलेक्टर तक पहुंची. कलेक्टर ने इस मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल कार्रवाई के निर्देश जिला शिक्षा अधिकारी विवेक श्रीवास्तव को दिए. जिला शिक्षा अधिकारी के अनुसार, वीडियो देखने के बाद उन्होंने इसे शिक्षक की गंभीर अनुशासनहीनता माना और इसी आधार पर साकेत पुरोहित को निलंबित करने की कार्रवाई की गई.
वीडियो में गैस से जुड़े मुद्दे पर किया तंज
इससे पहले भी कई लोगों ने पीएम मोदी की नकल करते हुए वीडियो बनाए हैं, मगर इस तरह किसी को भी निलंबित नहीं किया गया है. ऐसे में यह निलंबन काफी प्रश्न खड़े करता है. टीचर ने यह वीडियो देशभर में एलपीजी सिलेंडर की वजह से लंबी-लंबी लाइनों में खड़े रहकर परेशान हो रहे लोगों के लिए बनाया था. जिसे जिला शिक्षा अधिकारी ने गंभीर अनुशासनहीनता माना और टीचर के खिलाफ कार्रवाई की.
शिक्षक अपने वायरल वीडियो में व्यंग्यात्मक अंदाज में यह कहते नजर आ रहे हैं कि एलपीजी गैस पर पकाया गया भोजन स्वास्थ्य के लिए हानिकारक हो सकता है, इसलिए लोगों को चूल्हे पर बना खाना, खाना चाहिए. वीडियो में उनकी भाषा तंज और आलोचनात्मक है, जिसमें वह हाल ही में उठे गैस से जुड़े मुद्दे पर अपने विचार व्यक्त करते दिखाई दे रहे हैं. अब देखना यह होगा कि आगे चलकर इस मामले में शिक्षक को कोई राहत मिलती है या नहीं, इसका फैसला आने वाले समय में ही साफ हो पाएगा.