उत्तर प्रदेश के हरदोई जिले के अरवल थाना क्षेत्र में बिजली गिरने से एक किसान की मौत हो गई, जबकि उसके दो बेटे गंभीर रूप से झुलस गए. पुलिस ने सोमवार (16 मार्च) को इस घटना की जानकारी दी. इस दर्दनाक हादसे के बाद गांव में शोक का माहौल है और परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है.
आलू की फसल को बारिश से बचाने गए थे तीनों
पुलिस के अनुसार अरवल थाना क्षेत्र के खैरुद्दीनपुर राजा साहब गांव निवासी अवधेश सिंह (45) रविवार (15 मार्च) की सुबह अपने दो नाबालिग बेटों शोभित (11) और अमन (8) के साथ खेत पर गए थे. उस समय इलाके में मौसम खराब था और बारिश होने की संभावना थी. खेत में लगी आलू की फसल को बारिश से बचाने के लिए अवधेश सिंह और उनके बेटे फसल पर पन्नी ढक रहे थे, ताकि फसल खराब न हो.
इसी दौरान अचानक मौसम ने करवट ली और तेज गर्जना के साथ बिजली गिर गई. बिजली सीधे वहीं गिरी जहां तीनों खेत में काम कर रहे थे. बिजली गिरने की इस घटना में अवधेश सिंह और उनके दोनों बेटे गंभीर रूप से झुलस गए. आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत उन्हें खेत से उठाकर अस्पताल पहुंचाने की कोशिश की.
पिता की मौत, दोनों बेटों की हालत गंभीर
तीनों को तुरंत हरपालपुर के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद अवधेश सिंह को मृत घोषित कर दिया. वहीं उनके दोनों बेटों शोभित और अमन का इलाज जारी है और उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है. मृतक के पिता रामसिंह ने बताया कि अवधेश सिंह ही पूरे परिवार का मुख्य सहारा थे और उनकी अचानक हुई मौत से परिवार गहरे सदमे में है.
वहीं अरवल थाने के प्रभारी निरीक्षक (एसएचओ) वीरेंद्र कुमार पंकज ने बताया कि पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है. पुलिस पूरे मामले की जांच भी कर रही है.