बिहार की पांच और हरियाणा की दो राज्यसभा सीटों पर सोमवार (16 मार्च) को चुनाव होना है. राज्यसभा चुनाव के लिए मतदान 16 मार्च को सुबह 9 बजे से शाम 4 बजे तक होगा, जबकि वोटों की गिनती उसी दिन शाम पांच बजे से शुरू होगी.
इस बीच बीजेपी ने सभी सीटों पर अपनी जीत का दावा ठोका है. इस चुनाव में बिहार में सत्तारूढ़ एनडीए को जहां एकतरफा जीत मिलने की उम्मीद है, वहीं, आरजेडी ने अपने एकमात्र उम्मीदवार के पक्ष में समर्थन जुटाया. उधर, हरियाणा के 31 कांग्रेस विधायक राज्यसभा चुनाव से एक दिन पहले रविवार शाम को शिमला के नजदीक स्थित दो रिजॉर्ट में ठहराया गया है.
कांग्रेस विधायक भारी सुरक्षा वाले काफिले में तीन छोटी बसों में सवार होकर शाम लगभग 4.20 बजे कुफरी से रवाना हुए. कांग्रेस ने विधायकों को प्रभावित करने और क्रॉस-वोटिंग को लेकर चिंताओं के बीच शुक्रवार को अपने हरियाणा के विधायकों को शिमला के बाहरी इलाके कुफरी में स्थानांतरित कर दिया था.
बिहार में 5 सीटों पर 6 उम्मीदवार
बता दें कि बिहार की पांच राज्यसभा सीट पर होने वाले चुनाव में कुल छह उम्मीदवार मैदान में हैं, जिनमें सत्तारूढ़ एनडीए के पांच जबकि विपक्ष का एक उम्मीदवार हैं. मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन भी चुनाव मैदान में हैं.
एनडीए के अन्य उममीदवारों में केंद्रीय मंत्री व जद(यू) के नेता रामनाथ ठाकुर, राष्ट्रीय लोक मोर्चा के उपेंद्र कुशवाहा और बीजेपी की राज्य इकाई के महासचिव शिवेश कुमार शामिल हैं. विपक्ष की तरफ से राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के अमरेंद्र धारी सिंह उम्मीदवार हैं.
हरियाणा में कौन-कौन उम्मीदवार मैदान में?
वहीं हरियाणा में राज्यसभा की दो सीटें खाली होने वाली हैं, क्योंकि बीजेपी सदस्य किरण चौधरी और रामचंद्र जांगड़ा का कार्यकाल 9 अप्रैल को पूरा होने वाला है. इन सीटों के लिए बीजेपी के संजय भाटिया, कांग्रेस के कर्मवीर सिंह बौद्ध और बीजेपी समर्थित निर्दलीय उम्मीदवार सतीश नांदल मैदान में हैं, और हर उम्मीदवार को उच्च सदन में पहुंचने के लिए 31 मतों की आवश्यकता होगी.