Skip to content

Pithoragarh News: एक झटके में खत्म हुई 3 जिंदगियां! पिथौरागढ़ में खाई में गिरी कार, सेना का जवान भी शामिल

पिथौरागढ़ जिले में बंगापानी-मदकोट मार्ग पर 15 मार्च को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया. मुनस्यारी की ओर जा रही एक इनोवा कार अनियंत्रित होकर गहरी खाई में गिर गई, जिससे 3 युवकों की मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया. इस घटना के बाद क्षेत्र में शोक की लहर फैल गई है.

जानकारी के अनुसार रविवार (15 मार्च) को कुछ युवक इनोवा कार से मदकोट के रास्ते मुनस्यारी की ओर जा रहे थे. जब वाहन बंगापानी से लगभग एक किलोमीटर पहले एन बैंड के पास पहुंचा तो अचानक चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा. इसके बाद कार सड़क से नीचे गहरी खाई में जा गिरी. हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय ग्रामीण और पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया.

हादसे में इन लोगों की गई जान

मौके पर पहुंची टीम ने देखा कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो चुकी थी. दुर्घटना में लक्ष्मण सिंह नेगी, मूल निवासी धूरातोली (मुनस्यारी) और हाल निवासी जीआईसी पिथौरागढ़, तथा अंकित पांडे (27) पुत्र बसंत पांडे निवासी दौला, पिथौरागढ़ की मौके पर ही मौत हो चुकी थी.

वहीं हादसे में गंभीर रूप से घायल आयुष पंत और देवेश पंत, दोनों निवासी पिथौरागढ़ को तत्काल स्थानीय लोगों की मदद से खाई से बाहर निकाला गया. पहले उन्हें निजी वाहनों के माध्यम से अस्पताल ले जाया गया, जिसके बाद 108 एंबुलेंस से जिला अस्पताल पिथौरागढ़ के लिए रेफर किया गया. हालांकि रास्ते में अस्कोट के पास आयुष पंत ने भी दम तोड़ दिया. हादसे में देवेश पंत की हालत गंभीर बताई जा रही है और उनका उपचार जारी है.

आर्मी मेडिकल कोर में तैनात थे लक्ष्मण सिंह नेगी

बताया जा रहा है कि मृतकों में से लक्ष्मण सिंह नेगी भारतीय सेना की एएमसी (आर्मी मेडिकल कोर) में तैनात थे. उनके निधन की खबर से परिवार और क्षेत्र में गहरा शोक व्याप्त है. घटना के बाद पुलिस ने मौके का निरीक्षण कर हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है. प्रारंभिक तौर पर वाहन के अनियंत्रित होने को दुर्घटना की वजह माना जा रहा है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *