Skip to content

SHO के वायरल वीडियो से दिल्ली सरकार की किरकिरी! AAP ने CM रेखा गुप्ता को घेरा, पुलिस की आई सफाई

दिल्ली पुलिस के एक अधिकारी का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. इस वीडियो में एक SHO के हवाले से कुछ बयान दिए गए हैं, जिनमें आरोप लगाया गया है कि ड्रग्स और अन्य अपराधों में शामिल अपराधियों को जन प्रतिनिधियों के निर्देश पर रिहा किया जाता है. अब इसे लेकर आम आदमी पार्टी ने दिल्ली सरकार को घेरा है. दिल्ली के पूर्व मंत्री और AAP नेता सौरभ भारद्वाज ने आरोप लगाते हुए कहा है कि सीएम रेखा गुप्ता के संरक्षण में नशे का कारोबार चल रहा है.

‘आप’ नेता सौरभ भारद्वाज ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, ”एसएचओ कह रहे हैं कि हमलोग नशे के कारोबारी और अपराधियों को पकड़ते हैं तो CM से ऑर्डर आता और इन्हें छोड़ना पड़ जाता है, हमारे हाथ कटे हुए हैं. CM रेखा गुप्ता के संरक्षण में नशा और अपराध चल रहा है. ये खुलासा खुद पुलिस अधिकारी कर रहे हैं.”

दिल्ली पुलिस ने पेश की सफाई

सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो को लेकर दिल्ली पुलिस की ओर से सफाई दी गई है. दिल्ली के उत्तर-पश्चिम जिले की DCP आकांक्षा यादव ने कहा, “सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हो रहा है, जो भारत नगर पुलिस स्टेशन का है. इसमें एक पुलिस अधिकारी आरोप लगा रहा है कि राजनैतिक प्रतिनिधियों के दखल की वजह से अपराधियों और नशीले पदार्थों व अन्य अपराधों में शामिल लोगों को छोड़ दिया जाता है.”

इंस्पेक्टर राजीव ने गैर जिम्मेदाराना टिप्पणी की- DCP

उन्होंने कहा, ”मैं यह साफ करना चाहती हूं कि लोगों से बातचीत के दौरान, इंस्पेक्टर राजीव जो अशोक विहार के ATO हैं और भारत नगर के SHO का काम देख रहे थे- ने एक गैर-जिम्मेदाराना टिप्पणी की है. यह टिप्पणी तथ्यों के हिसाब से गलत है और किसी भी तरह से दिल्ली पुलिस के रुख को नहीं दर्शाती है. उन्होंने यह बयान अपनी निजी हैसियत से दिया है. दिल्ली पुलिस ने इस मामले का संज्ञान लिया है और उन्हें तुरंत उनके पद से हटाकर ‘लाइन’ भेज दिया है. नियमों और कानूनों के मुताबिक जो भी जरूरी कार्रवाई होगी, वह की जाएगी.”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *