Skip to content

यूपी: आजमगढ़ में मेडिकल कॉलेज के 5 घरों में चोरी, SP बोले- ये किसी संगठित गिरोह का काम

राजकीय मेडिकल कॉलेज (चक्रपाणपुर) परिसर में शनिवार  (14 मार्च) रात सुरक्षा व्यवस्था की पोल उस वक्त खुल गई, जब बेखौफ चोरों ने एक साथ कई कर्मचारियों के घरों का ताला तोड़कर बड़ी चोरी की घटना को अंजाम दिया. एक बेहद सुरक्षित माने जाने वाले परिसर में हुई इस दुस्साहसिक वारदात ने मेडिकल कॉलेज की सुरक्षा प्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं.

छुट्टी पर गए कर्मचारियों के घरों की हुई रेकी

जानकारी के अनुसार, चोरों ने पूरी प्लानिंग के साथ उन घरों को निशाना बनाया जिनके निवासी रविवार की छुट्टी होने के कारण शनिवार को ही अपने परिवार के साथ कहीं बाहर गए हुए थे. घर खाली होने का पूरा फायदा उठाते हुए चोरों ने विशेष रूप से महिला कर्मचारियों— सीमा सिंह, सुमन सिंह, हेमलता, मधु और राजवती यादव के घरों के ताले चटकाए. चोर बड़े इत्मीनान से इन घरों के अंदर रखा कीमती सामान ले उड़े. इस पूरी घटना का खुलासा रविवार को तब हुआ जब लोगों ने घरों के टूटे ताले और गायब सामान देखा. घटना के बाद पीड़ित फौरन मेडिकल कॉलेज परिसर पहुंचे.

सुरक्षाकर्मियों की कार्यप्रणाली कटघरे में

मेडिकल कॉलेज परिसर में कई स्तरों पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम होते हैं और भारी संख्या में गार्ड तैनात रहते हैं. इसके बावजूद, एक साथ कई घरों के ताले टूटना और चोरों का आसानी से माल लेकर फरार हो जाना सुरक्षाकर्मियों की मुस्तैदी पर एक बड़ा सवालिया निशान लगाता है. इतनी बड़ी वारदात की भनक तक सुरक्षाकर्मियों को न लगना गहरी चिंता का विषय है.

संगठित गिरोह का हाथ होने की आशंका: SP ट्रैफिक

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया. पुलिस के साथ फॉरेंसिक टीम ने भी मौके पर पहुंचकर फिंगरप्रिंट्स और अन्य जरूरी साक्ष्य (सबूत) जुटाए हैं.

इस मामले पर एसपी ट्रैफिक विवेक त्रिपाठी ने बताया कि वारदात के तरीके को देखकर स्पष्ट प्रतीत होता है कि यह किसी ‘संगठित गिरोह’ का काम है, जिसने पूरी रेकी और प्लानिंग के साथ इस सुरक्षित परिसर को निशाना बनाया है. उन्होंने बताया कि पुलिस ने अज्ञात चोरों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली है. पुलिस अधीक्षक (SP) के निर्देश पर घटना के शीघ्र खुलासे के लिए कई पुलिस टीमों का गठन किया गया है, जो लगातार सुराग तलाश रही हैं. पुलिस का दावा है कि जल्द ही इस पूरी घटना का पर्दाफाश कर आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *