Skip to content

Maharashtra News: ‘यूपी में बदलेगा बुलडोजर ड्राइवर…बंगाल में हारेगी BJP’, सपा मुखिया अखिलेश यादव का बड़ा दावा

समाजवादी पार्टी (सपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने रविवार (15 मार्च) को मुंबई में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर तीखा हमला बोला. उन्होंने दावा किया कि अगले महीने पश्चिम बंगाल में होने वाले विधानसभा चुनाव में बीजेपी को हार का सामना करना पड़ेगा और ममता बनर्जी एक बार फिर से मुख्यमंत्री पद पर काबिज होंगी.

अखिलेश यादव ने स्पष्ट किया कि आगामी विधानसभा चुनावों में समाजवादी पार्टी पूरी मजबूती के साथ ‘इंडिया’ गठबंधन के साथ खड़ी है. उन्होंने कहा कि सपा असम, पश्चिम बंगाल, तमिलनाडु और केरल में गठबंधन के सहयोगी दलों का समर्थन करेगी. असम में एक सीट की मांग पर उन्होंने कहा, “अगर हमें सीट नहीं भी मिलती है, तब भी हमारा समर्थन ‘इंडिया’ गठबंधन को ही रहेगा.”

चुनाव आयोग से निष्पक्षता की अपील

सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने चुनाव आयोग से इन चार राज्यों में स्वतंत्र और निष्पक्ष चुनाव कराने की अपील की. उन्होंने नसीहत देते हुए कहा कि चुनाव आयोग को यह सुनिश्चित करना चाहिए कि वह केंद्र सरकार के हाथों की कठपुतली बनकर न रह जाए. बंगाल के मतदाताओं की सराहना करते हुए उन्होंने कहा कि वहां की जनता राजनीतिक रूप से जागरूक है और वे केंद्र के भेदभाव को नहीं भूलेंगे.

यूपी में ‘बुलडोजर चालक’ बदलने का दावा

उत्तर प्रदेश की राजनीति का जिक्र करते हुए पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने बड़ा दावा किया. उन्होंने कहा कि यूपी में जल्द ही ‘बुलडोजर चालक’ बदलेगा और वे योगी आदित्यनाथ की जगह मुख्यमंत्री बनेंगे. साथ ही उन्होंने यह भी घोषणा की कि अगर सपा सत्ता में आती है, तो इटावा में 1,000 एकड़ क्षेत्र में छत्रपति शिवाजी महाराज को समर्पित एक विशाल पार्क विकसित किया जाएगा.

पीएम मोदी पर कसा तंज

प्रेस कॉन्फ्रेंस के आखिर में अखिलेश यादव ने हल्के-फुल्के अंदाज में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की विदेश यात्राओं पर तंज कसा. उन्होंने कहा कि पिछले महीने जब पीएम मोदी इजराइल की यात्रा से लौट रहे थे, तो उन्हें ईरान में रुकना चाहिए था. अखिलेश के मुताबिक, अगर पीएम मोदी पश्चिम एशिया में चल रहे युद्ध को रुकवा देते, तो उनके पास सही मायनों में ‘विश्वगुरु’ बनने का मौका था, जो उन्होंने गंवा दिया.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *