Skip to content

Hapur News: हापुड़ में घर के बाहर खड़े युवकों पर हमला, डंडे बरसाने लगे बाइक सवार, CCTV में घटना कैद

हापुड़ जिले के पिलखुवा थाना क्षेत्र के बड़ौदा हिन्दवान गांव में पुरानी रंजिश के चलते आधा दर्जन युवकों ने 3 युवकों पर हमला कर दिया. 14 मार्च की देर रात घर के बाहर खड़े युवकों पर बाइक सवार हमलावरों ने लाठी-डंडों और सरियों से मारपीट की. इस हमले में तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए और पूरी घटना पास में लगे CCTV कैमरे में कैद हो गई.

राजकुमार सिंह ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उनके बड़े भाई दिनेश कुमार अपने साथी अंकित कुमार के साथ देर रात करीब 1:30 बजे पिलखुवा स्थित कैंपा कंपनी में काम खत्म करने के बाद घर पहुंचे थे. घर के दरवाजे पर उनकी भाभी ज्योति उनका इंतजार कर रही थीं और वे देरी से आने की बात बता ही रहे थे.

तभी पीछे से बाइक पर सवार तीन युवक वहां पहुंचे, जिनके हाथों में लाठी, सरिया और दाब थे. आते ही उन्होंने दिनेश कुमार, उनके बेटे दीपांशु और अंकित कुमार पर हमला कर दिया. अचानक हुए हमले से तीनों युवक संभल नहीं पाए और हमलावरों ने उन्हें बुरी तरह पीट दिया.

दूसरी बाइक से पहुंचे और हमलावर

पीड़ित पक्ष के अनुसार करीब दो मिनट बाद दूसरी बाइक पर सवार तीन और युवक भी मौके पर पहुंच गए. इन युवकों के हाथों में भी लाठी-डंडे थे और उन्होंने भी मारपीट शुरू कर दी. हमलावरों ने मिलकर तीनों युवकों को बेरहमी से पीटा जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए.

मारपीट की पूरी घटना आसपास लगे CCTV कैमरे में रिकॉर्ड हो गई है. फुटेज में साफ देखा जा सकता है कि कई युवक हाथों में लाठी-डंडे लिए हुए हैं और आपस में जमकर मारपीट हो रही है. घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया और आसपास के लोग मौके पर जमा हो गए.

पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा

घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया. पीड़ित पक्ष की शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामले में मुकदमा दर्ज कर लिया है और हमलावरों की तलाश शुरू कर दी गई है.

पिलखुवा थाना प्रभारी मनीष चौहान ने बताया कि तहरीर के आधार पर केस दर्ज कर लिया गया है. मामले की जांच की जा रही है और CCTV फुटेज भी देखी जा रही है. जांच के बाद आरोपियों के खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *