ईरान-इजरायल-अमेरिका में जारी जंग के चलते देश में घरेलू गैस की किल्लत बढ़ गयी है. इस बीच उत्तर प्रदेश के लखनऊ में एलपीजी सिलेंडर की कालाबाजारी का बड़ा मामला सामने आया है. जिला प्रशासन और आपूर्ति विभाग की संयुक्त टीम ने मोहान रोड स्थित अभिनंदन रिसोर्ट पर छापेमार कार्रवाई की. जिसमें 88 गैस सिलेंडर बरामद हुए हैं. यह रिसोर्ट समाजवादी पार्टी नेता सुरेन्द्र कुमार उर्फ़ सोनू कनौजिया का है.
प्रशासन के मुताबिक यहां सिलेंडर कालाबाजारी के लिए ही रखे गए थे. जानकारी जुटाई जा रही है. आरोपी द्वारा कोई संतोषजनक जवाब नहीं दिया गया है. एजेंसी पत्नी मंजू कनौजिया के नाम पर है. इस मामले में आवश्यक वस्तु अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है.
कुल 88 सिलेंडर बरामद
रविवार सुबह प्रशासन की छापेमारी में 14.2 किलो के 65 खाली सिलेंडर, 9 भरे सिलेंडर, 5 किलो वाले 14 छोटे खाली सिलेंडर कुल मिलाकर 88 सिलेंडर जब्त किए गए हैं. माना जा रही है कि ये घरेलू उपयोग के सिलेंडर अवैध भंडारण और कालाबाजारी के लिए रखे गए थे, जबकि शहर में एलपीजी की भारी कमी से लोग परेशान हैं.
सपा नेता की पत्नी है एजेंसी की मालिक
यह रिसोर्ट सपा नेता सुरेन्द्र कुमार उर्फ़ सोनू कनौजिया है.जबकि गैस एजेंसी की स्वामी उनकी पत्नी मंजू कनौजिया हैं. उन्हीं के नाम पर भारत गैस कंपनी की एजेंसी संचालित है. सूचना के बाद यहां छापा मारा गया और बड़ी मात्रा में सिलेंडर मिले हैं.
एफआईआर दर्ज-सख्त कार्रवाई का दावा
अधिकारियों ने बताया कि काकोरी थाने में आवश्यक वस्तु अधिनियम-1955 की धारा 3/7 के तहत FIR दर्ज की गई है. जिसमें मंजू कनौजिया नाम्जाद, एक वाहन, जिसका मालिक जमील अहमद, और साहिल, मुन्ना उर्फ़ इक्त्दा, सुरेन्द्र कुमार कनौजिया का नाम शामिल है.
यहां बता दें कि लखनऊ समेत पूरे प्रदेश में इन दिनों एलपीजी की किल्लत से लोग जूझ रहे हैं. ऐसे में कालाबाजारियों के खिलाफ खुद सीएम योगी ने सकहत एक्शन लेने के लिए निर्देश अधिकारियों को दिए हैं. फ़िलहाल इस कार्रवाई से पूरे शहर में हड़कम्प मचा हुआ है.