उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद में 6 मार्च यानी होली वाले दिन एक दिल दहला देने वाली खबर सामने आई थी, जिसमें एक इंजीनियर युवक ने अपनी जुड़वां बहन की 84 बार चाकू मारकर हत्या कर दी और बाद में अपनी मां पर भी हमला कर दिया. आरोपी युवक हार्दिक को पुलिस ने 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया था. अब इस सनसनीखेज मामले में जो बातें सामने आ रही हैं, उन्हें सुनकर हर कोई हैरान है.
क्या है पूरा मामला?
हार्दिक और हिमाशिखा, दोनों 25 साल के जुड़वां भाई-बहन थे और कुछ समय से गुरुग्राम में इंजीनियर के रूप में काम कर रहे थे. हिमाशिखा अपनी नौकरी के साथ-साथ एमबीए की पढ़ाई भी कर रही थी. वहीं हार्दिक करीब डेढ़ साल पहले नौकरी छोड़ चुका था और ज्यादातर समय सोशल मीडिया पर बिताने लगा था. सोशल मीडिया पर उसका एक वीडियो भी काफी वायरल है, जिसमें वो काम छोड़कर काफी खुश नजर आ रहा था.
वहीं परिवार के अनुसार पिछले कुछ महीनों में हार्दिक के व्यवहार में काफी बदलाव देखने को मिला. वह देर रात तक मोबाइल फोन पर ऑनलाइन चैट करता रहता था. पुलिस जांच में सामने आया कि उसकी सोशल मीडिया पर पुणे की एक मुस्लिम युवती से दोस्ती हो गई थी और वह उससे शादी करना चाहता था.
बहन और मां समझाती थीं करियर पर ध्यान देने को
परिवार के मुताबिक हिमाशिखा और उनकी मां नीलिमा अक्सर हार्दिक को करियर पर ध्यान देने और जल्दबाजी में रिश्तों में न पड़ने की सलाह देती थीं. एनडीटीवी की माने तो इसी मुद्दे को लेकर 6 मार्च की शाम भाई-बहन के बीच फिर से बहस शुरू हो गई. यह बहस जल्द ही तेज झगड़े में बदल गई.
गुस्से में आकर हार्दिक ने रसोई से सब्जी काटने वाला चाकू उठा लिया और अपनी बहन पर हमला कर दिया. पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट के मुताबिक हिमाशिखा के शरीर पर 84 चाकू के घाव पाए गए. गंभीर चोटों के कारण मौके पर ही उसकी मौत हो गई.
मां को दिया ‘सरप्राइज’, फिर किया हमला
बहन की हत्या के बाद हार्दिक अपनी मां नीलिमा के ऑफिस पहुंचा. नीलिमा एक इंश्योरेंस कंपनी में असिस्टेंट मैनेजर हैं. हार्दिक ने उनसे कहा कि घर चलिए, आपके लिए एक सरप्राइज है. मां जैसे ही घर पहुंचीं और बेटी को खून से लथपथ देखा तो चीख उठीं. चीख सुनते ही हार्दिक ने उन पर भी हमला कर दिया. नीलिमा को कई चोटें आईं और उन्हें तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया. डॉक्टरों के अनुसार उनकी हालत अब खतरे से बाहर बताई जा रही है.
पुलिस जांच में सामने आई ये वजह
पुलिस ने घटना के 24 घंटे के भीतर हार्दिक को गिरफ्तार कर लिया. पूछताछ में उसने बताया कि परिवार द्वारा बार-बार करियर पर ध्यान देने और रिश्तों से दूर रहने की सलाह से उसके मन में गुस्सा और नाराजगी जमा हो गई थी. इसी नाराजगी के चलते उसने यह खौफनाक कदम उठाया.
पुलिस के मुताबिक मामले की जांच जारी है और घटना से जुड़े सभी पहलुओं की पड़ताल की जा रही है. इस सनसनीखेज वारदात ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है.