उत्तर प्रदेश के बागपत जनपद में सात साल से लिव इन रिलेशनशिप में रहने वाली प्रेमिका ने अपने प्रेमी की शादी समारोह में धमककर ऐसा हंगामा किया कि प्रेमी बरात संग भाग खड़ा हुआ. दुल्हन के परिवार ने दूल्हे के पिता समेत तीन लोगों को बंधक बना लिया तो मामला कोतवाली पहुंच गया और पुलिस के हस्तक्षेप से ढाई लाख रूपये में समझौता हो गया. इस दौरान अफरा-तफरी का माहौल रहा.
इस शादी और हंगामे को लेकर चर्चा अब पूरे इलाके में है. यही नहीं दुल्हन पक्ष और दूल्हे पक्ष में मारपीट की भी सूचना है. फिलहाल पुलिस के मुताबिक अगर कोई शिकायत करता है तो आगे कार्रवाई की जाएगी. जबकि अभी तक इस मामले में आरोपी दूल्हे या उसके परिवार की कोई प्रतिक्रिया नहीं आई है.
क्या है पूरा मामला ?
जानकारी के मुताबिक, मुजफ्फरनगर जनपद के शाहपुर का रहने वाला सतीश अपने बेटे आशु की बरात बागपत कोतवाली क्षेत्र के निवाड़ा गांव में आया था. शादी समारोह चल ही रहा था कि इसी बीच बागपत के दोघट थाना क्षेत्र के एक गांव की रहने वाली युवती अचानक शादी समारोह में पहुंच गई और दुल्हन व उसके परिवार को बताया कि सात साल से प्रेम प्रसंग के कारण वह दोनों लिव-इन रिलेशनशिप में रहे थे. वह शादी नहीं होने देगी.
जब दुल्हन ने उससे सुबूत मांगा तो युवती ने मोबाइल में फोटो दिखा दिए. जिसके बाद दुल्हन ने आशु से शादी करने से साफ मना कर दिया. शादी में हंगामा देख दूल्हा व अन्य बराती समारोह से भाग खड़े हुए. इसी के बीच दुल्हन के परिवार ने ने दूल्हे के पिता, जीजा समेत तीन रिश्तेदारों को बंधक बनाकर मारपीट कर दी. इसमें रिश्तेदार धर्मपाल घायल हो गया. इस दौरान लोगों की भीड़ एकत्र हो गई.
पुलिस के सामने दोनों पक्षों में हुआ समझौता
सूचना के बाद पुलिस ने दूल्हे के पिता समेत तीनों को बंधन मुक्त कराया. पुलिस दोनों पक्षों को बागपत कोतवाली लेकर पहुंची. बातचीत के दौरान कोतवाली में ही प्रेमिका ने भी दूल्हे से शादी करने से इंकार कर दिया. कोतवाली बागपत प्रभारी
बृजेश कुमार का कहना है कि शादी समारोह में एक युवती ने दूल्हे के साथ प्रेम प्रसंग होने का दावा किया, जिसके बाद शादी नहीं हो सकी है. दोनों पक्षो के बीच समझौता हो गया है.
दुल्हन के परिवार को दिए ढाई लाख रुपए
निवाड़ा गांव के प्रधान हसरत अली का कहना है दूल्हे का पहले से ही एक युवती के साथ प्रेम प्रसंग चल रहा था. शादी में प्रेमिका ने इसकी जानकारी दे दी, जिसके कारण यह शादी नहीं हो सकी है. दूल्हे के परिवार ने दुल्हन पक्ष को शादी समारोह में खर्च हुए ढाई लाख रुपये दे दिए हैं.