Skip to content

यूपी SI भर्ती परीक्षा में ‘पंडित’ विवाद पर सीएम योगी सख्त, सभी भर्ती बोर्ड अध्यक्षों को दिए निर्देश

उत्तर प्रदेश पुलिस एसआई भर्ती परीक्षा में ‘पंडित’ शब्द को लेकर मचे बवाल के बीच सीएम योगी आदित्यनाथ ने इस मामले का संज्ञान लिया है. सीएम योगी ने इस विवाद के बाद सभी भर्ती बोर्ड के चेयरपर्सन्स को सख्त दिशा निर्देश जारी करते हुए कहा कि किसी भी व्यक्ति, जाति या धर्म को लेकर अमर्यादित टिप्पणी न की जाए. 

सीएम योगी ने दिए सख्त निर्देश

सीएम योगी ने सभी भर्ती बोर्ड के चेयरपर्सन्स को निर्देश दिया है कि किसी भी व्यक्ति, जाति, पंथ, सम्प्रदाय की मर्यादा एवं आस्था के विषय में अमर्यादित टिप्पणी ना की जाए. उन्होंने एसआई परीक्षा में पूछे गए विवादित सवाल के मामले का संज्ञान लेते हुए सभी पेपर सेटर्स को भी निर्देशित करने को कहा है. 

मुख्यमंत्री ने साफ कहा कि इस परीक्षाओं में इस तरह के हैबिचुअल ऑफेंडर्स को तत्काल प्रतिबंधित किया जाए. और ये सुनिश्चित किया जाए कि पेपर बनाते समय किसी व्यक्ति, जाति या धर्म को लेकर अमर्यादित टिप्पणी न हो. यह विषय पेपर सेटर्स के एमओयू का भी हिस्सा बनाया जाए. 

भर्ती परीक्षा में ‘पंडित’ शब्द पर बवाल

बता दें कि 14 मार्च को यूपी पुलिस सब इंस्पेक्टर भर्ती परीक्षा के हिन्दी के पेपर में एक प्रश्न ‘अवसर के अनुसार बदल जाने वाला’ के जवाब में विकल्प के तौर पर ‘पंडित’ को शामिल किया गया था. जिसके बाद इस सवाल को लेकर सियासी घमासान तेज हो गया है. डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने भी इस प्रश्न को लेकर सवाल उठाते हुए कड़ी नाराजगी जताई और कहा कि इस तरह के प्रश्न से समाज की गरिमा को ठेस पहुंचती है. ये स्वीकार्य नहीं है. 

इस विवाद के बाद यूपी पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड भी हरकत में आया और इस प्रश्न के संबंध में जाँच के आदेश दिए हैं. बोर्ड ने साफ़ कहा कि इस मामले में जो भी दोषी पाया जाएगा उसके खिलाफ कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी. बोर्ड ने कहा कि ये कार्य अति गोपनीय संस्थाओं के द्वारा इस तरह कराया जाता है ताकि प्रश्न पत्रों की गोपनीयता बनी रहे. इसलिए बोर्ड स्तर पर किसी अधिकारी या कर्मचारी द्वारा प्रश्न पत्र का अवलोकन नहीं किया जाता है. 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *