समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने एलपीजी की क़िल्लत को लेकर एक बार फिर से भारतीय जनता पार्टी पर तीखा हमला किया है. सपा अध्यक्ष ने कहा कि जो लोगों को नौकरी और रोज़गार नहीं दे पाए वो एलपीजी भी नहीं दे पा रहे हैं. सपा अध्यक्ष ने कहा कि अब तो यूपी के लोगों ने एलपीजी को एक नया नाम भी दिया है ‘लापता गैस’
समाजवादी पार्टी के मुखिया लगातार प्रदेश में एलपीजी सिलेंडरों की कमी और गैस एजेंसी के बाहर लगती लंबी लाइनों को लेकर सरकार पर हमलावर बने हुए हैं और निशाना साध रहे हैं. अखिलेश यादव से जब एलपीजी की कमी को लेकर सवाल किया गया तो उन्होंने अपने ही अंदाज़ में इसका जवाब दिया.
सपा अध्यक्ष ने बताया एलपीजी गैस का नया नाम
अखिलेश यादव ने तंज कसते हुए कहा कि “आज का जमाना क्या है कि लोग नौकरी चाहते हैं रोज़गार चाहते हैं. जो लोग काम नहीं कर पाएं हैं. जो नौकरी नहीं दे पाए..रोज़गार नहीं दे पाए..वो आज एलपीजी नहीं दे पा रहे हैं. उत्तर प्रदेश के लोगों ने तो एलपीजी का नया नाम निकाला है- ‘लापता गैस’. ये लिक्विड पेट्रोलियम गैस नहीं ‘लापता गैस’ है.”
उन्होंने कहा कि केवल गैस ही नहीं बल्कि डीजल-पेट्रोल के साथ दूसरे सामान भी महंगे होते चले जा रहे हैं. जो ये सपना दिखा देते हैं कि हम विश्व गुरू बनेंगे, हमने विश्व गुरू बनने का मौका खो दिया. अगर भारतीय जनता पार्टी जिस समय युद्ध होना था उस समय अमेरिका और ईरान को समझाने में कामयाब हो जाते तो ना ईरान का इतना नुकसान होता और न इतनी जानें जाती और न अमेरिका को ये दबदबा बनाना पड़ता भारत विश्व गुरू बनकर आता. लेकिन अजीब लोग है हर मौका खो देते हैं.
दरअसल केंद्र सरकार लगातार दावे कर रही है कि देश में गैस की कमी नहीं है. लेकिन विपक्षी दल जिस तरह से इस मुद्दे पर अफ़वाह और भ्रामक बातें फैला रहा है उससे लोगों में इस तरह की हड़बड़ी देखने को मिल रही हैं. वहीं विपक्षी दलों का कहना है कि अगर एलपीजी की कमी नहीं है तो फिर गैस एजेंसी के बाहर लोगों की इतनी भीड़ क्यों है? लोगों को गैस क्यों नहीं मिल पा रही है.