Kalyan Crime News: महाराष्ट्र के कल्याण से एक चौंकाने वाली घटना सामने आई, जहां चरित्र पर शक के कारण एक पति ने अपनी पत्नी का गला दबाकर हत्या कर दी. घटना के बाद आरोपी पति विशाल भुतकर ने खुद पुलिस स्टेशन पहुंचकर कहा, “मैंने अपनी पत्नी की हत्या कर दी है.” इस कबूलनामे ने पुलिस को भी कुछ देर के लिए हिला दिया.
नासिक के सरकारवाडा पुलिस स्टेशन में एक व्यक्ति अपने भाई को लेकर आया और उसने बताया कि “मेरा भाई क्या बोलता है, सुनो.” इसके बाद पुलिस ने विशाल से पूछताछ की, जिसमें उसने कबूल किया कि उसने कल्याण के उम्बर्डे इलाके में जाकर अपनी पत्नी अर्चना भुतकर का गला दबाकर हत्या की. जानकारी की पुष्टि के लिए नासिक पुलिस ने तुरंत खड़कपाड़ा पुलिस स्टेशन से संपर्क किया. पुलिस दल ने घटनास्थल पर जाकर मृतका को मृत अवस्था में पाया.
पारिवारिक विवाद और चरित्र के शक ने दिया हत्या का कारण
प्रारंभिक जांच में पता चला कि विशाल और अर्चना के बीच पिछले कुछ महीनों से पारिवारिक विवाद चल रहा था. दोनों के दो बच्चे हैं, जिनमें से एक बच्चा विशाल के पास और दूसरा बच्चा अर्चना की मां के पास रहता था. विशाल ने पत्नी के चरित्र पर शक करने के कारण गुस्से में उसे मारने की बात कबूल की. घटना के बाद नासिक पुलिस ने जानकारी देने के बाद खड़कपाड़ा पुलिस ने पंचनामा कर आगे की जांच शुरू कर दी.
पड़ोसियों की प्रतिक्रिया और रात की घटनाएं
पड़ोसियों ने बताया कि अर्चना स्वभाव से मिलनसार थी. घटना वाले दिन, विशाल बहुत दिनों बाद घर आया था, इसलिए अर्चना ने मीठे भोजन की योजना बनाई. भोजन के बाद विशाल अपने बेटे को भाई के पास छोड़ गया और उसी रात फिर अर्चना के पास आया.
पुलिस अब यह जांच कर रही है कि उस रात दोनों के बीच ऐसा क्या हुआ कि विशाल ने गुस्से में अर्चना का गला दबाकर हत्या कर दी. खड़कपाड़ा पुलिस इस घटना के वास्तविक कारण और परिस्थितियों की तह तक जाने में लगी हुई है.