बहुजन समाज पार्टी की मुखिया मायावती ने पार्टी संस्थापक कांशी राम की जयंती को लेकर कांग्रेस पार्टी और राहुल गांधी पर ज़ोरदार हमला किया है. बसपा सुप्रीमो ने पार्टी कार्यकर्ताओं और समर्थकों से कांग्रेस को लेकर सतर्क रहने की अपील की. उन्होंने कहा कि कांग्रेस की दलित विरोधी सोच और मानसिकता की वजह से ही बसपा का गठन हुआ था.
बसपा सुप्रीमो का ये बयान ऐसे समय में आया है जब शुक्रवार को नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी लखनऊ में कांशीराम जयंती पर आयोजित एक कार्यक्रम में शामिल हुए थे, जहां उन्होंने भारतीय राजनीति में कांशीराम के योगदान को याद करते हुए उनकी तारीफ की थी.
मायावती ने बसपा समर्थकों से की अपील
मायावती ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट एक्स पर पोस्ट करते हुए राहुल गांधी और कांग्रेस पार्टी पर पलटवार किया. उन्होंने कहा कि ‘जैसा कि सर्वविदित है कि कांग्रेस पार्टी ने काफी वर्षों तक केन्द्र की सत्ता में रहकर दलितों के मसीहा व भारतीय संविधान के मूल निर्माता परमपूज्य बाबा साहेब डा. भीमराव अम्बेडकर का कभी भी आदर-सम्मान नहीं किया और ना ही उनको ’भारतरत्न’ की उपाधि से भी सम्मानित किया. भला फिर यह पार्टी अब मान्यवर कांशीराम को कैसे इस उपाधि से सम्मानित कर सकती है?’
उन्होंने आगे लिखा- ‘इसी कांग्रेस पार्टी ने केन्द्र में अपनी सत्ता के रहते हुए इनके (मान्यवर श्री कांशीराम जी के) देहान्त होने पर एक दिन का भी राष्ट्रीय शोक घोषित नहीं किया तथा ना ही उस समय यूपी की सपा सरकार ने भी राजकीय शोक घोषित किया. इसी प्रकार दूसरी पार्टियों के हाथों में खेल कर दलित समाज के बने अनेकों संगठन व पार्टियाँ आदि भी इनके नाम को भुनाने की कोशिश में हमेशा लगी रहती हैं.
अब ये सभी पार्टियाँ आए दिन क़िस्म-क़िस्म के हथकण्डे इस्तेमाल करके मान्यवर श्री कांशीराम जी द्वारा बनाई गई पार्टी बसपा को कमजोर करने में लगी हैं. अतः इनके अनुयायी व समर्थक हमेशा इनसे सचेत रहें. ख़ासकर कांग्रेस पार्टी से जरूर सजग रहें, जिसकी दलित-विरोधी सोच व मानसिकता होने की वजह से ही बीएसपी बनानी पड़ी है.
साथ ही, कल दिनांक 15 मार्च 2026 को मान्यवर श्री कांशीराम जी की जयन्ती पर, इनकी द्वारा निर्मित पार्टी बीएसपी के सभी कार्यक्रमों को यूपी सहित पूरे देश में पार्टी के लोग जरूर कामयाब बनायें, यही अपील.’ बता दें कि राहुल गांधी ने शुक्रवार को हुए कार्यक्रम में कहा था कि अगर जवाहरलाल नेहरू आज जीवित होते तो कांशीराम जी कांग्रेस से मुख्यमंत्री बनते.
यूपी के 18 जिलों में 5वीं और 8वीं कक्षा की परीक्षा में बदलाव, अब इस दिन होगी परीक्षा