Skip to content

Jharkhand News: ‘देश में ईंधन की कोई कमी नहीं, सरकार जानबूझकर…’, LPG संकट पर बोले बाबूलाल मरांडी

झारखंड में नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने कहा कि देश में किसी भी प्रकार की ईंधन आपूर्ति की कोई समस्या नहीं है. पत्रकारों से बात करते हुए उन्होंने झारखंड सरकार पर जमकर हमला बोला और कहा कि मुख्यमंत्री से पूछिए कि यहां प्रतिदिन कितनी गैस और ईंधन की खपत होती है और कितनी आपूर्ति हो रही है. सरकार के पास तो सारा डेटा है फिर सड़क पर आंदोलन करने का कोई मतलब नहीं है.

मरांडी बोले – कालाबाजारी रोकना CM का काम

बाबूलाल मरांडी ने कहा कि कालाबाजारी रोकना मुख्यमंत्री का कर्तव्य है. इस समय देश के कई हिस्सों में उन्हीं के अपने लोग कालाबाजारी में लिप्त हैं. उन्होंने उत्तरप्रदेश का उदाहरण देते हुए कहा कि एक व्यक्ति के पास से 55 से 56 भरे हुए गैस सिलेंडर बरामद किए गए. यह लोग अराजकता की स्थिति पैदा करने की कोशिश कर रहे हैं. गैस की कोई कमी नहीं है और लोगों को घबराने की जरूरत नहीं है.

PM मोदी का किया बचाव 

मरांडी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का बचाव करते हुए कहा कि PM पूरी तरह सक्रिय हैं और वे देश की जनता को किसी भी कठिनाई का सामना नहीं करने देंगे. उन्होंने कहा कि आज ही जल डमरू मार्ग से मध्य ईरान से टैंकर निकले हैं और मोदी सरकार काम कर रही है. जब देश के प्रधानमंत्री कह रहे हैं कि पेट्रोल, डीजल और गैस की कोई कमी नहीं है तो किसी को भी कोई समस्या नहीं होनी चाहिए.

राहुल गांधी पर हमला – खुद नहीं पता कब क्या बोल रहे हैं

पत्रकारों ने जब राहुल गांधी के बयान के बारे में पूछा तो मरांडी ने कहा कि राहुल गांधी को खुद नहीं पता कि वह कब क्या बोल रहे हैं. वह संसद में भी कुछ भी बोल जाते हैं और शुरू से देश में अराजकता फैलाने का काम करते हैं. विदेश जाकर भारत की छवि खराब करते हैं और कहते हैं कि भारत का लोकतंत्र खतरे में है. उन्होंने कहा कि देश में ऐसा पहली बार हुआ है कि इतना कमजोर विपक्ष आया है और इसीलिए देश की जनता लगातार नरेंद्र मोदी को प्रधानमंत्री बनाती आ रही है.

झारखंड सरकार पर तीखा हमला 

झारखंड सरकार पर हमला करते हुए बाबूलाल मरांडी ने कहा कि यह सरकार जानबूझकर समस्या पैदा कर रही है. इस सरकार को जनता के लिए काम करने से कोई मतलब नहीं है. इन्हें केवल कमाने से मतलब है और यह हर चीज में लूटने में लगे हुए हैं. 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *