सहरसा के सदर थाना क्षेत्र में शुक्रवार (13 मार्च) रात एक सनसनीखेज वारदात सामने आई. बेखौफ बाइक सवार अपराधियों ने 30 वर्षीय युवक को ताबड़तोड़ गोलियां मारकर हत्या कर दी. घटना के बाद इलाके में दहशत और परिवार में कोहराम मच गया. मृतक की पहचान छोटू मिश्रा उर्फ सुजीत कुमार झा के रूप में हुई है, जो विद्यापति नगर स्थित फकीर टोला का रहने वाला बताया जा रहा है.
जानकारी के मुताबिक शुक्रवार रात करीब 10 बजे मीरा सिनेमा रोड के पास छोटू मिश्रा पर बाइक सवार अपराधियों ने अचानक हमला कर दिया. बताया जा रहा है कि हमलावरों ने बेहद करीब से ताबड़तोड़ गोलियां चलाईं. करीब 10 से 12 गोलियां लगने से युवक गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़ा. गोलीबारी की आवाज सुनकर आसपास के लोगों में अफरा तफरी मच गई.
अस्पताल ले जाने पर डॉक्टर ने किया मृत घोषित
मृतक के बड़े भाई आशीष कुमार ने बताया कि छोटू मिश्रा शुक्रवार शाम करीब 6 बजकर 30 मिनट पर घर से नाश्ता करके निकला था. रात करीब साढ़े 10 बजे प्रेम नाम के एक युवक ने फोन कर सूचना दी कि उनके भाई को गोली मार दी गई है.
खबर मिलते ही वह अपने पिता के साथ तुरंत घटनास्थल पहुंचे. वहां छोटू मिश्रा सड़क पर घायल अवस्था में पड़ा हुआ था. इसके बाद उसे आनन फानन में एक निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया. परिजनों के अनुसार मृतक को आंख, सिर, छाती, पसली और कमर में कई गोलियां लगी थीं.
पुलिस जांच में जुटी, कई खोखे बरामद
घटना की सूचना मिलते ही सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई और मामले की जांच शुरू कर दी. सदर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी आलोक कुमार ने बताया कि रात करीब साढ़े 10 बजे सूचना मिली थी कि मीरा सिनेमा रोड के पास एक युवक को गोली लगी है. सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की गई.
उन्होंने बताया कि मृतक की पहचान छोटू मिश्रा उर्फ सुजीत कुमार झा के रूप में हुई है. अपराधियों ने बाइक से आकर उसे गोली मारी और फरार हो गए. शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया गया है.
आपसी विवाद की आशंका
पुलिस के अनुसार घटनास्थल से करीब 12 खोखे बरामद किए गए हैं. साथ ही जांच के लिए वैज्ञानिक जांच दल और श्वान दस्ते को भी बुलाया गया है. पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है. शुरुआती जांच में यह मामला आपसी विवाद से जुड़ा हुआ लग रहा है.
बताया जा रहा है कि मृतक का आपराधिक इतिहास भी रहा है. फिलहाल पुलिस अपराधियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए आसपास के इलाकों में छापेमारी कर रही है. घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल बना हुआ है.