उत्तर प्रदेश के आगरा में थाना शाहगंज क्षेत्र के अंतर्गत शिवनगर राधे वाली गली में उस समय हंगामा हो गया जब स्थानीय लोगों ने बच्चा चोरी गैंग की अफवाह के चलते चार से पांच युवकों को बीच सड़क पर घेरकर जमकर पिटाई कर दी.
भीड़ का गुस्सा इतने पर भी शांत नहीं हुआ और लोग युवकों को पास ही स्थित एक नाई की दुकान पर ले गए जहां जबरन उनके बाल कटवाकर सिर मुंडवा दिया गया. पूरे घटनाक्रम का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया गया.
चार-पांच दिन से इलाके में फैल रही थीं अफवाहें
बताया जा रहा है कि पिछले चार से पांच दिनों से इलाके में बच्चा चोरी गैंग को लेकर तरह-तरह की अफवाहें फैल रही थीं. इन्हीं अफवाहों के बीच जब यह युवक इलाके में दिखे तो भीड़ ने उन्हें गैंग का सदस्य समझ लिया. लोगों ने उन्हें बीच सड़क पर पकड़कर पटक-पटक कर मारपीट की. घटना के दौरान बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे लेकिन किसी ने भी पीड़ितों को बचाने की कोशिश नहीं की.
जांच में खुलासा – भिक्षावृत्ति से गुजारा करते हैं पीड़ित
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की. जांच में पता चला कि जिन युवकों को बच्चा चोरी गैंग का सदस्य समझकर पकड़ा गया उनका इस तरह की किसी भी गतिविधि से कोई संबंध नहीं है. ACP लोहामंडी गौरव सिंह ने बताया कि यह लोग आगरा के पंचकुइयां चौराहे के पास झुग्गी-झोपड़ी डालकर रहते हैं और मूलतः जिला गोंडा के रहने वाले हैं. यह लोग अन्य लोगों से रुपये मांगकर अपना जीवन यापन करते हैं.
ACP बोले – कानून हाथ में लेने वालों पर होगी सख्त कार्रवाई
ACP गौरव सिंह ने स्पष्ट किया कि जिन लोगों ने कानून अपने हाथ में लेकर इन लोगों के साथ मारपीट की है उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी. पीड़ितों की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है. पुलिस ने लोगों से अपील की है कि किसी भी अफवाह पर भरोसा न करें और संदिग्ध गतिविधि दिखने पर सीधे पुलिस को सूचित करें.