Skip to content

गुजरात में LPG सिलेंडर का कितना स्टॉक? विधानसभा में BJP सरकार ने साफ की तस्वीर

गुजरात सरकार ने पश्चिम एशिया में चल रहे संघर्ष के कारण एलपीजी और प्राकृतिक गैस की कमी के विपक्ष के दावों को शुक्रवार (13 मार्च) को खारिज कर दिया. सरकार ने विधानसभा को आश्वासन दिया कि राज्य के पास चार लाख से अधिक सिलेंडरों का भंडार है. दिन में इससे पहले कांग्रेस विधायकों ने विधानसभा परिसर के बाहर विरोध प्रदर्शन किया और मांग की कि गृहिणियों को एलपीजी सिलेंडर 450 रुपये में उपलब्ध कराए जाएं.

कांग्रेस के वरिष्ठ विधायक शैलेश परमार ने सदन में यह मुद्दा उठाते हुए कहा कि अमेरिका-इजराइल-ईरान युद्ध के बीच राज्य में एलपीजी, पीएनजी और सीएनजी की उपलब्धता को लेकर नागरिकों में चिंताएं पैदा हो गई हैं. परमार ने कहा, ‘‘खाड़ी में चल रहे युद्ध के कारण राज्य में गैस सिलेंडरों – चाहे वह एलपीजी हो, पीएनजी हो या सीएनजी, को लेकर संकट की स्थिति पैदा हो गई है. युद्ध अभी शुरू ही हुआ है और शुरुआती दिनों में ही सरकार लोगों को भरोसा दिला रही है. हजारों लोग गैस एजेंसियों और अन्य स्थानों के बाहर कतारों में खड़े हैं.’’

स्पीकर शंकर चौधरी ने परमार को क्या याद दिलाया?

चर्चा के दौरान, विधानसभाध्यक्ष शंकर चौधरी ने परमार को याद दिलाया कि गैस आपूर्ति से संबंधित मामले केंद्र सरकार के अधिकार क्षेत्र में आते हैं, लेकिन कांग्रेस विधायक ने कहा कि गैस एजेंसियों और आपूर्ति संबंधी मुद्दों पर सदन में चर्चा की जा सकती है. परमार की टिप्पणी पर आपत्ति जताते हुए वन एवं पर्यावरण मंत्री अर्जुन मोढवाडिया ने कहा कि सटीक जानकारी रिकार्ड में आनी चाहिए ताकि गैस की उपलब्धता के बारे में लोगों को गुमराह न किया जाए.

गुजरात में पर्याप्त LPG स्टॉक- रमनभाई सोलंकी

उन्होंने चेतावनी दी कि कमी के बारे में बयान देने से घबराहट फैल सकती है और गैस एजेंसियों के बाहर लंबी कतारें लग सकती हैं. विधायी और संसदीय कार्य मंत्री ऋषिकेश पटेल ने भी आपत्ति जताते हुए कहा कि एलपीजी आपूर्ति का मामला मुख्य रूप से केंद्र के अधिकार क्षेत्र में आता है. बाद में, खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति मंत्री रमनभाई सोलंकी ने सदन में विस्तृत स्पष्टीकरण दिया और सदस्यों को आश्वासन दिया कि राज्य में पर्याप्त एलपीजी स्टॉक है.

उन्होंने कहा, “आज की तारीख में हमारे पास लगभग 4,16,504 एलपीजी सिलेंडरों का स्टॉक है.” उन्होंने बताया कि कुल उपलब्ध सिलेंडरों में से इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन (आईओसी) के पास 1,66,128, भारत पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन लिमिटेड (बीपीसीएल) के पास 1,50,009 और हिंदुस्तान पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन लिमिटेड (एचपीसीएल) के पास 1,00,367 सिलेंडर हैं.

असल में कहीं भी कोई शिकायत नहीं- रमनभाई सोलंकी

सोलंकी ने आश्वासन दिया कि सरकार घरों, संस्थानों और अस्पतालों को पर्याप्त आपूर्ति सुनिश्चित कर रही है. उन्होंने कहा, ‘‘वास्तव में, खबरों में जो दिखाया जा रहा है, उसे छोड़कर असल में कहीं भी कोई शिकायत नहीं है.’’ इससे पहले दिन में, लगभग एक दर्जन कांग्रेस विधायकों ने इस मुद्दे पर विधानसभा परिसर की सीढ़ियों पर विरोध प्रदर्शन किया.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *