लखनऊ में राहुल गांधी की मौजूदी में शुक्रवार (13 मार्च) को मंच से प्रस्ताव रखा गया कि बसपा के संस्थापक कांशीराम को मरणोपरांत भारत रत्न दिया जाए. लखनऊ में आयोजित मान्यवर कांशीराम जयंती पर सामाजित परिवर्तन दिवस कार्यक्रम में राहुल गांधी शामिल हुए. जब ये प्रस्ताव रखा गया तब राहुल गांधी मंच पर मौजूद थे. मंच से ये भी कहा गया कि राहुल गांधी जब भी देश के प्रधानमंत्री बनेंगे तो ये काम होकर रहेगा. अब इस पर बीजेपी की प्रतिक्रिया सामने आई है.
जीवित रहते कांग्रेस ने कभी सम्मान नहीं दिया- बीजेपी
बीजेपी ने कहा कि जब तक कांशीराम जीवित रहे, कभी कांग्रेस ने सम्मान नहीं दिया. आज दलित वोट बैंक के लिए ऐसी बात कर रहे हैं. बीजेपी के प्रवक्ता राकेश त्रिपाठी ने कहा कि बाबा साहेब भीमराव आंबेडकर को तब भारत रत्न मिला जब देश से कांग्रेस की सरकार हटी औऱ जनता दल के नेतृत्व की सरकार बनी. उसके पहले कांग्रेस ने गांधी परिवार को कइयों को भारत रत्न दिया था. बीजेपी ने कांग्रेस को नसीहत देते हुए कहा कि वो पहले गिरेबान में देखें.
नेहरू जिंदा होते तो कांशीराम कांग्रेस के सीएम होते- राहुल गांधी
‘कांशीराम सीएम होते’ वाले राहुल गांधी के बयान पर बीजेपी प्रवक्ता ने कहा कि सीएम बनाने की बात बहुत हास्यास्पद है. उन्होंने जिनको भी सीएम बनाया है, उससे गांधी परिवार के जूते और चप्पल उठवाए हैं. इससे सम्मान नहीं बल्कि अपमान ही होता. दरअसल, लखनऊ के कार्यक्रम में राहुल गांधी ने कहा कि अगर पंडित जवाहर लाल नेहरू जिंदा होते तो कांशीराम कांग्रेस से सीएम होते.
(खबर को अपडेट किया जा रहा है…)