घरेलू गैस (एलपीजी) की किल्लत पूरे बिहार में है. भले प्रशासन की ओर से दावा किया जा रहा है कि सब ठीक है लेकिन धरातल पर सच्चाई कुछ और है. पटना के एजेंसी संचालकों का साफ कहना है कि परेशानी हो रही है. नंबर नहीं लग रहा है. केवाईसी में दिक्कत है. इस बीच शुक्रवार (13 मार्च, 2026) को पटना के जिलाधिकारी त्यागराजन एसएम ने बैठक की. निर्देश दिया कि आज (शुक्रवार) से बुकिंग ऑनलाइन होने लगी है. अगर ऑनलाइन बुकिंग नहीं होती है तो ऑफलाइन बुकिंग का निर्देश सभी गैस एजेंसियों को दिया गया है.
डीएम ने कहा कि उपभोक्ताओं को कोई परेशानी नहीं हो इसलिए अब एजेंसी से ऑफलाइन बुकिंग हो सकेगी. पेट्रोलियम कंपनी की ओर से तय किया गया है कि शहरी क्षेत्र में 25 दिन और ग्रामीण क्षेत्रों में 45 दिन पर बुकिंग होगी.
पटना में 138 गैस एजेंसियां, टीम की हुई तैनाती
प्रेस कॉन्फ्रेंस कर डीएम ने बताया कि गैस की कोई कमी नहीं है, लेकिन लोग पैनिक हो रहे हैं. बेवजह भीड़ लगा रहे हैं. उन्होंने कहा कि पटना जिले में कुल 138 गैस एजेंसियां हैं. सारे एजेंसियों पर पुलिस की प्रतिनियुक्ति की गई है. पेट्रोलिंग की व्यवस्था की गई है. जहां भी दिक्कत आ रही है वहां पदाधिकारी पहुंच रहे है.
यह भी पढ़ें- LPG Crisis: पटना में गजब हुआ! गैस एजेंसी संचालक का बड़ा आरोप, ‘सम्राट चौधरी के यहां से…’
उन्होंने बताया कि 13 से 15 एजेंसी को मिलाकर एक जोन बनाया गया है. सभी जोन की निगरानी की जा रही है. डोमेस्टिक सप्लाई में किसी तरह की कोई दिक्कत नहीं है. जहां जरूरत नहीं है वहां रिफिल करने के प्रयास से दिक्कत होगी. लोगों को संयम रखना है. उन्होंने कहा कि कालाबाजारी नहीं करनी है. अधिक दाम से लोगों को गैस नहीं बेचना है. अगर कोई कर रहा है तो उस पर कार्रवाई हो रही है.
जिलाधिकारी ने साफ कहा कि घरेलू गैस का उपयोग कमर्शियल में किया गया तो कार्रवाई होगी. इसके लिए 28 धावादल को तैयार किया गया है. फुलवारी, दानापुर और बख्तियारपुर में एक-एक एफआईआर दर्ज की गई है. हम लोगों ने हेल्पलाइन नंबर जारी किया है, जिसका नंबर- 0612-2219810 है. कोई भी उपभोक्ता या आम जनता सुबह 9 बजे से शाम के 6 बजे तक इस पर कॉल कर सकता है.
यह भी पढ़ें- बिहार विधानसभा को बम से उड़ाने की धमकी, 16 मार्च को राज्यसभा के लिए होना है चुनाव