Skip to content

दिल्ली में ‘टक्कर गैंग’ का भंडाफोड़, राहगीरों को टक्कर मारकर कैश और जेवर उड़ा लेते थे बदमाश

दिल्ली पुलिस ने पश्चिम विहार में राहगीरों को जानबूझकर टक्कर मारकर लूटने वाले कुख्यात टक्कर गैंग का भंडाफोड़ किया है. पुलिस ने दो शातिर आरोपियों नीरज उर्फ धानी और राजेश पांडेय को गिरफ्तार किया है. इनके पास से वारदात में इस्तेमाल मोटरसाइकिल, एक चोरी की बाइक, नकदी और तीन चोरी के पानी के नल बरामद किए गए हैं. इन दोनों की गिरफ्तारी से कुल पांच मामलों का खुलासा हुआ है.

 पैदल जा रहे हेल्पर की जेब से उड़ाए 10 हजार रुपये

26 फरवरी को शाम करीब पौने पांच बजे पश्चिम विहार ईस्ट थाने में PCR कॉल मिली. शिकायतकर्ता ओम प्रकाश जो हरदोई उत्तरप्रदेश के रहने वाले हैं और पश्चिम विहार में एक मेकअप सैलून में हेल्पर के तौर पर काम करते हैं उन्होंने बताया कि दोपहर करीब 2 बजे वह फुटपाथ पर पैदल जा रहे थे. बंधन बैंक के पास एक व्यक्ति ने उन्हें रोककर बहस शुरू कर दी. धक्का-मुक्की के दौरान उसके साथी ने मोटरसाइकिल पर मौके पर रहकर जेब से 10 हजार रुपये पार कर दिए और दोनों फरार हो गए.

 CCTV में कैद हुई लाल बाइक, नंबर से पकड़े आरोपी

पुलिस ने एक विशेष टीम बनाकर इलाके के कई CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली. फुटेज में लाल रंग की मोटरसाइकिल पर सवार दो संदिग्ध वारदात करते दिखाई दिए. बाइक के नंबर के आधार पर पुलिस ने आरोपियों की पहचान की और 6 मार्च को कबूतर चौक, बुध विहार में छापा मारकर दोनों को दबोच लिया.

 नीरज पर 7 और राजेश पर 6 पुराने मामले

पुलिस जांच में सामने आया कि दोनों आरोपी जानबूझकर राहगीरों को टक्कर मारते थे जिससे पीड़ित घबरा जाता या संतुलन खो देता और इसी मौके का फायदा उठाकर मोबाइल या नकदी छीनकर बाइक से फरार हो जाते थे. नीरज पहले से सात आपराधिक मामलों में शामिल रहा है और वह मंगोलपुरी थाने का बदमाश घोषित है जबकि राजेश पांडेय के खिलाफ भी छह मामले दर्ज हैं. पुलिस पूरे गिरोह और अन्य वारदातों की जांच कर रही है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *