Skip to content

Noida News: नोएडा में गैस संकट से हाहाकार, बुकिंग के बाद भी नहीं मिले सिलेंडर, लोगों ने सड़क पर लगाया जाम

अंतरराष्ट्रीय हालातों और आपूर्ति में आई बाधाओं का असर अब भारत के कई शहरों में दिखाई देने लगा है. नोएडा और ग्रेटर नोएडा में भी रसोई गैस को लेकर लोगों को लगातार परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है.

कई उपभोक्ताओं का कहना है कि गैस सिलेंडर की बुकिंग तो कर दी गई है, लेकिन समय पर डिलीवरी नहीं हो रही है. वहीं कुछ लोगों का आरोप है कि बुकिंग ही नहीं हो पा रही, जिससे रोजमर्रा की जिंदगी प्रभावित हो रही है. साथ ही लोगों ने सेक्टर-18 में सड़क जाम कर प्रदर्शन भी किया.

गैस सिलेंडर बुक करने में लोगों को हो रही परेशानियां

नोएडा के निवासी राजेश ने बताया कि उन्होंने कई बार गैस सिलेंडर बुक करने की कोशिश की, लेकिन उनका सिलेंडर बुक ही नहीं हो पा रहा है. उन्होंने कहा कि कंज्यूमर नंबर से फोन करने पर भी कोई मैसेज नहीं आ रहा और न ही बुकिंग की पुष्टि हो पा रही है. इस समस्या के कारण लोगों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है और कई परिवार पिछले कई दिनों से परेशान हैं.

एजेंसियों के बाहर लग रही लंबी-लंबी कतारें

लोगों के अनुसार कुछ उपभोक्ताओं ने कई दिन पहले गैस सिलेंडर बुक कराया था, लेकिन अब तक उन्हें सिलेंडर नहीं मिला है. गैस की कमी के कारण सुबह से ही एजेंसियों के बाहर लंबी-लंबी कतारें लग रही हैं. लोग घंटों लाइन में खड़े रहने के बाद भी खाली हाथ लौटने को मजबूर हो रहे हैं. इसी समस्या को लेकर गुरुवार को सेक्टर-18 में लोगों का गुस्सा फूट पड़ा और उन्होंने सड़क जाम कर विरोध प्रदर्शन किया. सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों को समझा-बुझाकर सड़क से हटाया. प्रदर्शन कर रहे उपभोक्ताओं का कहना था कि उन्होंने कई दिन पहले सिलेंडर बुक कराया था, लेकिन आज तक गैस नहीं मिली. गैस की कमी के कारण उनके घरों में खाना तक नहीं बन पा रहा है.

ये भी पढ़िए- हापुड़ में कारोबारी की गला रेतकर हत्या, गोदाम पर मिला खून से लहूलुहान शव, जांच में जुटी पुलिस

कमर्शियल सिलेंडर की कमी से होटल और ढाबा संचालक परेशान

लोगों का कहना है कि मजबूरी में उन्हें होटल से खाना मंगवाना पड़ रहा है, जिससे खर्च भी बढ़ गया है. वहीं कुछ उपभोक्ताओं ने बाजार में गैस सिलेंडरों की कालाबाजारी होने का भी आरोप लगाया है. उनका कहना है कि कुछ जगहों पर सिलेंडर दुगने दामों पर बेचे जा रहे हैं. इसके अलावा कमर्शियल सिलेंडर की कमी से होटल और ढाबा संचालक भी परेशान हैं और कई छोटे होटल बंद होने की कगार पर पहुंच गए हैं.

इस पूरे मामले पर जिला आपूर्ति अधिकारी स्मृति गौतम का कहना है कि जनपद में गैस की आपूर्ति पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध है और किसी प्रकार की कमी नहीं है. उन्होंने बताया कि कालाबाजारी की शिकायतें सामने आई हैं, जिनकी गंभीरता से जांच कराई जा रही है और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी.

ये भी पढ़िए- यूपी में LPG की कालाबाजारी करने वाले सावधान! CM योगी सख्त, दिया ये बड़ा निर्देश

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *