Skip to content

देहरादून: IMA-FRI के कारण प्रेमनगर-बल्लूपुर मार्ग का डिमोशन, अब PWD करेगा देखरेख

राजधानी में पांवटा साहिब-बल्लूपुर हाईवे (NH-07) चौड़ीकरण परियोजना को लेकर एक अहम प्रशासनिक बदलाव सामने आया है. भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) ने प्रेमनगर से बल्लूपुर चौक तक के करीब 5 किलोमीटर लंबे हिस्से को नेशनल हाईवे की श्रेणी से बाहर (डिनोटिफाई) कर दिया है. तकनीकी तौर पर अब इस सड़क का ‘डिमोशन’ हो गया है और यह राष्ट्रीय राजमार्ग के बजाय ‘राज्य मार्ग’ (State Highway) के रूप में जानी जाएगी.

NHAI द्वारा अधिसूचना जारी होने के बाद, अब इस 5 किलोमीटर के पैच के रखरखाव और प्रबंधन की पूरी जिम्मेदारी लोक निर्माण विभाग (PWD) के प्रांतीय खंड, देहरादून को सौंप दी गई है. PWD के अधिशासी अभियंता राजेश कुमार ने स्पष्ट किया है कि सड़क हस्तांतरण की कागजी औपचारिकताएं जल्द ही पूरी कर ली जाएंगी.

आखिर क्यों किया गया यह बदलाव?

इस हिस्से को हाईवे प्रोजेक्ट से हटाने की मुख्य वजह जमीन अधिग्रहण का पेच है. प्रेमनगर और बल्लूपुर के बीच भारतीय सैन्य अकादमी (IMA) और वन अनुसंधान संस्थान (FRI) जैसे प्रतिष्ठित व अति-संवेदनशील संस्थान स्थित हैं. सुरक्षा और प्रशासनिक कारणों से इन संस्थानों की जमीन का अधिग्रहण करना एक बेहद जटिल प्रक्रिया थी. इसी कानूनी उलझन से बचने के लिए NHAI ने हाईवे चौड़ीकरण को प्रेमनगर तक ही सीमित रखने का व्यावहारिक निर्णय लिया.

प्रोजेक्ट का 95% काम पूरा, जल्द खुलेगा फ्लाईओवर

NHAI देहरादून के प्रोजेक्ट डायरेक्टर सौरभ सिंह ने बताया कि 44.8 किलोमीटर लंबे इस फोर-लेन प्रोजेक्ट का 95% काम पूरा हो चुका है. प्रेमनगर फ्लाईओवर का काम भी अंतिम चरण में है और अगले 4 दिनों के भीतर इसे यातायात के लिए पूरी तरह खोल दिया जाएगा. फिलहाल सर्विस लेन के काम निपटाने के लिए फ्लाईओवर से वाहनों का ट्रायल रन किया जा रहा है. इसके अलावा, परियोजना के 31.5 किमी हिस्से पर ट्रैफिक पहले ही सुचारू हो चुका है.

जाम से भारी राहत: 2 घंटे का सफर मात्र 35 मिनट में

इस महात्वाकांक्षी प्रोजेक्ट की सबसे बड़ी खासियत इसका 25 किलोमीटर लंबा ‘ग्रीनफील्ड बायपास’ है. इससे न केवल कुल दूरी में 7 किलोमीटर की कमी आई है, बल्कि पहले जिस सफर में करीब 2 घंटे का समय लगता था, वह अब सिर्फ 35 मिनट में पूरा होगा. इस बायपास के शुरू होने से भारी वाहनों को अब हरबर्टपुर, सहसपुर, सेलाकुई और सुधोवाला जैसे भारी जाम वाले भीड़भाड़ वाले इलाकों से नहीं गुजरना पड़ेगा, जिससे स्थानीय जनता को भी रोजमर्रा के जाम से बड़ी राहत मिलेगी.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *