Skip to content

Jaipur News: घरेलू विवाद में खूनी खेल! पति ने पत्नी और 7 साल की बेटी को तलवार से काटा, इलाके में दहशत

राजस्थान के जयपुर ग्रामीण जिले के मौखमपुरा थाना क्षेत्र के बिचून गांव में गुरुवार अल सुबह एक दिल दहला देने वाला दोहरा हत्याकांड सामने आया. घरेलू विवाद के चलते आरोपी सुरजीत सिंह ने अपनी पत्नी सरोज देवी और महज 7 साल की मासूम बेटी वंशिका की तलवार से गला काटकर बेरहमी से हत्या कर दी. इस दर्दनाक घटना से पूरे गांव में सनसनी फैल गई और लोगों में दहशत का माहौल है.

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी सुरजीत सिंह और उसकी पत्नी सरोज देवी के बीच पिछले करीब दो महीनों से विवाद चल रहा था. बुधवार रात तीनों मकान की छत पर सो रहे थे. देर रात अचानक आरोपी सुरजीत ने तलवार से पत्नी सरोज देवी और बेटी वंशिका का गला काटकर दोनों की हत्या कर दी. रात के अंधेरे में यह दर्दनाक वारदात हुई और घर में कोई जान भी नहीं पाया.

 पड़ोस के बच्चों ने देखा खून, तब मिली जानकारी

सुबह जब पड़ोस में रहने वाले परिचित के बच्चे छत पर पहुंचे तो चारों तरफ खून बिखरा देखकर सहम गए. उन्होंने तुरंत परिजनों को सूचना दी. परिजन मौके पर पहुंचे तो दृश्य देखकर कोहराम मच गया. पूरे घर में चीख-पुकार मच गई और आसपास के लोग बड़ी संख्या में मौके पर जुट गए. परिजनों ने तुरंत मौखमपुरा थाना पुलिस को सूचना दी.

 आरोपी ने पुलिस के सामने किया सरेंडर

सूचना मिलते ही मौखमपुरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का मौका मुआयना किया. आरोपी सुरजीत सिंह ने पुलिस के सामने सरेंडर कर दिया जिसके बाद पुलिस ने उसे हिरासत में ले लिया. पुलिस ने दोनों शवों को एंबुलेंस के जरिए अस्पताल भिजवाया जहां पोस्टमार्टम की कार्यवाही की जा रही है. दोनों शवों को मोर्चरी में रखवाया गया है.

 FSL टीम मौके पर, साक्ष्य जुटाने में जुटी

मामले की गंभीरता को देखते हुए FSL यानी फॉरेंसिक साइंस लैबोरेटरी की टीम को भी घटनास्थल पर बुलाया गया है. FSL टीम घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने में जुटी हुई है. पुलिस पूरे प्रकरण की गहनता से जांच कर रही है. इस दोहरे हत्याकांड के बाद बिचून गांव में सनसनी और दहशत का माहौल बना हुआ है और लोग इस घटना से सहमे हुए दिखाई दे रहे हैं.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *