इजरायल और अमेरिका द्वारा ईरान पर हमले के बाद मध्य पूर्व में छिड़े युद्ध ने पूरी दुनिया की ऊर्जा आपूर्ति शृंखला को हिलाकर रख दिया है. ईरान दुनिया के प्रमुख तेल और प्राकृतिक गैस उत्पादक देशों में से एक है और उस क्षेत्र में जारी संघर्ष की वजह से वैश्विक पेट्रोलियम और एलपीजी आपूर्ति बुरी तरह प्रभावित हुई है. इसका सीधा असर भारत पर भी पड़ रहा है और देश के अलग-अलग हिस्सों से गैस आपूर्ति बाधित होने की खबरें आ रही हैं.
लोग घंटों लाइन में लगकर सिलेंडर पाने को मजबूर
मध्य पूर्व संकट के चलते भारत में कमर्शियल और घरेलू एलपीजी सिलेंडर की किल्लत महसूस की जा रही है. कई राज्यों में गैस एजेंसियों पर लंबी कतारें लग रही हैं और लोग घंटों इंतजार करने के बाद भी सिलेंडर पाने में नाकाम हो रहे हैं. उत्तराखंड से लेकर उत्तरप्रदेश तक के जिलों में गैस स्टॉक खत्म होने की शिकायतें सामने आई हैं. इसी संकट का फायदा उठाने के लिए कुछ लोग कालाबाजारी की फिराक में लग गए हैं.
हापुड़ में मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने मारा छापा
हापुड़ जिले के देहात थाना क्षेत्र अंतर्गत असौड़ा गांव में एक मकान में घरेलू गैस सिलेंडरों की जमाखोरी की सूचना पुलिस को मुखबिर से मिली. सूचना मिलते ही देहात थाने की पुलिस ने तत्काल छापामार कार्यवाही करते हुए मकान की तलाशी ली. तलाशी में पुलिस को मकान में भरे हुए और खाली मिलाकर कुल 40 घरेलू गैस सिलेंडर मिले. स्पष्ट था कि इन्हें गैस संकट के बीच कालाबाजारी के उद्देश्य से जमा किया जा रहा था.
मकान मालिक हिरासत में, आपूर्ति विभाग ने शुरू की जांच
पुलिस ने मौके से मकान के मालिक को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है. सभी भरे और खाली घरेलू गैस सिलेंडर पुलिस ने अपने कब्जे में ले लिए हैं. इसकी सूचना तुरंत आपूर्ति विभाग को दे दी गई जिसके बाद आपूर्ति विभाग के अधिकारी भी मामले की जांच-पड़ताल में जुट गए हैं. बताया जा रहा है कि मध्य पूर्व युद्ध से उपजे गैस संकट का फायदा उठाकर इन सिलेंडरों को अधिक कीमत पर बेचने की योजना थी लेकिन पुलिस की सक्रियता से यह साजिश वक्त रहते नाकाम हो गई.