Skip to content

यूपी पुलिस भर्ती उम्मीदवारों को फ्री बस सेवा? UPSRTC की ओर से आया ये बयान

उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड (UPPRPB) द्वारा आगामी 14-15 मार्च को आयोजित होने वाली उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती परीक्षा को लेकर एक सोशल मीडिया पेज पोस्ट वायरल हो रही है, जिसमें अभ्यर्थियों के लिए निशुल्क बस सेवा की बात कही गई है. हालांकि, अब उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम (UPSRTC) की तरफ से इस पर आधिकारिक बयान सामने आया है. जिसमें इस तरह के दावों को भ्रामक और असत्य बताया गया है.

उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम की तरफ से सोशल मीडिया पर वायरल हो रही पोस्ट के स्क्रीनशॉट के साथ बताया गया कि, “सोशल मीडिया पर उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती परीक्षा (14–15 मार्च 2026) के अभ्यर्थियों के लिए UPSRTC बसों में निःशुल्क यात्रा संबंधी प्रसारित सूचना असत्य एवं भ्रामक है. कृपया ऐसी अपुष्ट खबरों पर ध्यान न दें.” 

‘परीक्षा अवधि में विशेष बसों की व्यवस्था’

उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम की तरफ से एक्स हैंडल पोस्ट के जरिये यह भी बताया गया है कि, “अभ्यर्थियों की सुविधा हेतु UPSRTC द्वारा परीक्षा अवधि में विशेष बसों की व्यवस्था की गई है, जिससे उन्हें आवागमन में किसी प्रकार की असुविधा न हो.”

UPSRTC ने सोशल मीडिया पोस्ट को बताया भ्रामक

UPSRTC की तरफ से बताया गया कि, “परिवहन निगम मुख्यालय के संज्ञान में आया है कि कतिपय लोगों द्वारा उप निरीक्षक नागरिक पुलिस एवं समकक्ष पदों की सीधी भर्ती-2025 की दिनांक 14.03.2026 एवं 15.03.2026 को आयोजित होने वाली लिखित परीक्षा के दौरान परिवहन निगम की बसों में एडमिट कार्ड दिखाकर निःशुल्क यात्रा किये जाने विषयक सोशल मीडिया के X-प्लेटफार्म पर भ्रामक सूचना प्रसारित की जा रही है. जो कि पूर्णतः असत्य एवं भ्रामक है.”

निशुल्क यात्रा के संबंध में नहीं जारी किया गया आदेश

UPSRTC की तरफ से यह भी स्पष्ट किया गया है कि “निगम मुख्यालय स्तर से उप निरीक्षक नागरिक पुलिस एवं समकक्ष पदों की सीधी भर्ती-2025 अभ्यर्थियों को एडमिट कार्ड दिखाकर निःशुल्क यात्रा किये जाने विषयक किसी प्रकार का कोई कार्यालय आदेश जारी नहीं किया गया है.” 

UPSRTC की तरफ से दिए गए निर्देश

UPSRTC की तरफ से निर्देशित किया गया है कि सोशल मीडिया पर प्रसारित उक्त भ्रामक सूचना के खण्डन के सम्बन्ध में बस अड्डों पर हेल्प डेस्क के माध्यम से व्यापक प्रचार-प्रसार करना सुनिश्चित करें, ताकि अभ्यर्थियों में निःशुल्क यात्रा सम्बन्धी असमंजस्य की स्थिति उत्पन्न न हो, साथ ही समस्त चालकों/परिचालकों को भी वस्तुस्थिति से अवगत कराये, ताकि मार्ग पर किसी प्रकार की अप्रिय स्थिति उत्पन्न न हो.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *