सरकार की ओर से सख्त निर्देश जारी किया गया है कि किसी भी हाल में एलपीजी की ब्लैक मार्केटिंग नहीं करनी है. इस बीच लोग मान नहीं रहे हैं. कहीं एजेंसी संचालकों पर आरोप लग रहा है तो खुले दुकानदार मनमानी कर रहे हैं. इस बीच बिहार के रोहतास में एक बड़ी कार्रवाई की गई है. बुधवार (11 मार्च, 2026) को जिला प्रशासन की ओर से छापेमारी की गई. 10 सिलेंडर जब्त किए गए. दो लोगों को हिरासत में लिया गया.
यह कार्रवाई सासाराम शहर के जक्की शहीद मोहल्ले में की गई है. अचानक हुई छापेमारी के बाद हड़कंप मच गया. बताया जाता है कि एसडीएम नेहा कुमारी के नेतृत्व में खाद आपूर्ति विभाग और नगर थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने छापेमारी की. कार्रवाई के दौरान एक घर से 10 घरेलू एलपीजी गैस सिलेंडर बरामद किए गए, जिन्हें अवैध रूप से भंडारित कर कालाबाजारी के लिए रखा गया था.
ऐसे लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग
प्रशासन ने सभी सिलेंडरों को जब्त कर लिया. मौके से दो लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है. अचानक हुई इस छापेमारी की कार्रवाई से जक्की शहीद मोहल्ले में अफरा-तफरी का माहौल बन गया. देखते ही देखते बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौके पर जुट गए. लोगों ने गैस की कालाबाजारी को लेकर नाराजगी भी जताई और प्रशासन से ऐसे लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की.
यह भी पढ़ें- पेट्रोल-डीजल-LPG के संकट के बीच बिहार में उठाया गया बड़ा कदम, DM-SP को निर्देश जारी
इस संबंध में एसडीएम नेहा कुमारी ने बताया कि प्रशासन को लगातार सूचना मिल रही थी कि कुछ लोग घरेलू एलपीजी सिलेंडरों का अवैध भंडारण कर कालाबाजारी कर रहे हैं. इसी सूचना के आधार पर छापेमारी की गई, जिसमें 10 गैस सिलेंडर बरामद हुए हैं. उन्होंने स्पष्ट कहा कि घरेलू गैस की कोई कमी नहीं है और सभी उपभोक्ताओं को समय पर गैस उपलब्ध कराई जाएगी. यदि कोई भी व्यक्ति गैस सिलेंडरों का अवैध भंडारण कर कालाबाजारी करता पाया गया तो उसके खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
प्रशासन की टीम को छापेमारी के दौरान गैस सिलेंडरों के साथ कुछ उपभोक्ताओं के पासबुक भी मिले हैं. इससे यह आशंका जताई जा रही है कि कई लोगों के नाम पर गैस सिलेंडर उठाकर उन्हें अवैध रूप से जमा किया जा रहा था.
यह भी पढ़ें- बेतिया से लेकर सहरसा, सीतामढ़ी, मधेपुरा तक LPG की समस्या, किसे पहले मिल रहा सिलेंडर? जानें