इंदौर के मानपुर थाना क्षेत्र में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक फार्म हाउस पर छापा मारकर जुआ खेल रहे 18 लोगों को गिरफ्तार किया है. खास बात यह है कि पकड़े गए सभी आरोपी हाई प्रोफाइल परिवारों से जुड़े बताए जा रहे हैं. पुलिस ने मौके से लाखों रुपये नकद, मोबाइल फोन और कारें भी बरामद की हैं. जबकि आधा दर्जन आरोपी मौके से फरार हो गए, जिनकी तलाश जारी है.
पुलिस ने 18 लोगों को मौके से किया गिरफ्तार
डीएसपी ग्रामीण उमाकांत चौधरी के अनुसार, इंदौर की मानपुर पुलिस को सूचना मिली थी कि कोठी रोड स्थित एक फार्म हाउस पर कुछ लोग बड़े पैमाने पर जुआ खेल रहे हैं. सूचना के आधार पर पुलिस ने टीम बनाकर फार्म हाउस पर छापा मारा, जहां से 18 आरोपियों को मौके से गिरफ्तार किया गया. पुलिस के मुताबिक पकड़े गए आरोपियों के पास से करीब 13 लाख 67 हजार रुपये से अधिक नगद, 25 मोबाइल फोन, 2 कार और अन्य सामग्री बरामद की गई है.
ये भी पढ़िए- मध्य प्रदेश की सियासत में बड़ी हलचल, कोर्ट के फैसले के बाद कांग्रेस का 1 विधायक कम, BJP की बल्ले-बल्ले!
पुलिस फरार लोगों की जांच में जुटी
कार्रवाई के दौरान करीब आधा दर्जन लोग मौके से फरार हो गए, जिनकी तलाश पुलिस कर रही है. वहीं बताया जा रहा है कि पकड़े गए अधिकांश आरोपी इंदौर, उज्जैन, धार, देवास और झाबुआ जैसे शहरों के हाई प्रोफाइल परिवारों से जुड़े हैं और उनके संबंध पुलिस, प्रशासन और राजनीति से जुड़े लोगों तक बताए जा रहे हैं. फिलहाल सभी आरोपियों को मानपुर थाने लाया गया है, जहां उनसे पूछताछ की जा रही है और पुलिस पूरे मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई कर रही है.
आईएएस के पति के नाम है फार्म हाउस
बताया जा रहा है कि यह फार्म हाउस आईएएस वंदना वैध ओर उनके पति अम्बरीष वैध के नाम पर है. वंदना वैध वर्तमान में विक्त विकास निगम इंदौर की प्रबंध संचालक के पद पर पदस्थ है.
ये भी पढ़िए- MP Cabinet Meeting: जनकल्याणकारी योजनाओं के लिए 33 हजार 240 करोड़ मंजूर, युवाओं को भी मिली सौगात