Skip to content

Saharsa News: पति ने की पत्नी की हत्या, फिर खुद फंदे से लटका, बिहार के सहरसा में हुआ बड़ा कांड

सहरसा में एक पति ने अपनी पत्नी की हत्या कर दी और इसके बाद खुद फंदे से लटक गया. घटना जिले के बनगांव थाना क्षेत्र की है. पुलिस ने एक ही कमरे से पति-पत्नी के शव को बरामद किया है. घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई. 

यह पूरा मामला वार्ड नंबर 18, विषहरी स्थान का है. मृतकों की पहचान रमनजी खां और उनकी पत्नी काजल देवी के रूप में की गई है. ये घटना मंगलवार (10 मार्च, 2026) देर रात की है. 

फंदे से लटका था बेटा… जमीन पर था बहू का शव

जानकारी के अनुसार, रमनजी खां अपनी बूढ़ी मां, पत्नी और बच्चों के साथ रात में खाना खाकर सो गए थे. रात करीब 2 से 3 बजे के बीच उनकी मां की नींद खुली तो उन्होंने देखा कि एक कमरे उनका बेटा रमनजी खां पंखे से रस्सी के सहारे लटका था. वहीं बहू काजल देवी का गला कटा हुआ शव जमीन पर पड़ा था. यह देखते ही घर में चीख-पुकार मच गई. तुरंत बनगांव थाने की पुलिस को सूचना दी गई.

यह भी पढ़ें- बेतिया से लेकर सहरसा, सीतामढ़ी, मधेपुरा तक LPG की समस्या, किसे पहले मिल रहा सिलेंडर? जानें

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची. सहरसा सदर के एसडीपीओ आलोक कुमार भी घटनास्थल पर पहुंचे. एफएसएल की टीम को बुलाया गया. पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा. मामले की हर एंगल से जांच शुरू कर दी गई है.

कुछ महीने से पति-पत्नी के बीच ठीक नहीं थे रिश्ते

परिजनों और स्थानीय लोगों के अनुसार, रमनजी खां की शादी करीब 18 वर्ष पहले दिल्ली में प्रेम-प्रसंग के बाद काजल से हुई थी. कुछ समय तक दोनों दिल्ली में रहे. इसके बाद गांव लौट आए. यहीं कारोबार करने लगे. बताया जाता है कि पिछले कुछ महीनों से पति-पत्नी के बीच रिश्ते ठीक नहीं चल रहे थे. हत्या के पीछे मामला क्या है यह अभी पता नहीं चला है. पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही पूरे मामले का खुलासा होने की बात कह रही है. रमनजी खां के परिवार में उनकी बूढ़ी मां और तीन बच्चे (दो बेटियां और एक बेटा) हैं.

यह भी पढ़ें- बिहार: हड़ताल के बीच राजस्व विभाग के 5 अधिकारियों का त्यागपत्र स्वीकार, मचा हड़कंप

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *