Skip to content

LPG Gas Shortage: नोएडा में गैस सिलेंडर को लेकर हंगामा, सुबह से लाइन में लोग, एजेंसी पर ताला लगाकर भागे कर्मचारी

उत्तर प्रदेश के नोएडा से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है. नोएडा के सेक्टर 50 में एजेंसी पर गैस सिलेंडर की गाड़ी आई, लेकिन कर्मचारी गोदाम में ताला लगाकर भाग गए हैं. आरोप है कि किसी को भी सिलेंडर नहीं मिल पा रहा है. वहीं लोग सुबह 7 बजे से लाइन में लगे हुए हैं.

इस बीच ग्राहकों का कहना है कि सरकार कह रही है कि कोई दिक्कत नहीं है, लेकिन हमें सुविधा नहीं मिल पा रही है. एक व्यक्ति ने कहा कि चार दिनों से घर में खाना नहीं बन रहा है. IVR नहीं काम कर रहा है. बुकिंग नहीं हो पा रही है. वहीं दूसरे व्यक्ति ने कहा कि सरकार गैस समय पर दिलवाए. रसूखदारों के घर पर गैस पहुंचाई जा रही है. ऐसे में आम जनता कहां जाएगी?

गैस सिलेंडर को लेकर काफी परेशान लोग

अमेरिका-इजरायल और ईरान के बीच चल रहे युद्ध का असर पेट्रोलियम पदार्थों पर पड़ रहा है. इस बीच घरेलू गैस सिलेंडर को लेकर भी लोग काफी परेशान दिखाई दे रहे है. लोगों को डर सता रहा है कि युद्ध ज्यादा दिन चलने से घरेलू गैस की कमी या फिर महंगाई की मार न झेलनी पड़ जाए. 

गैस एजेंसियों पर पिछले कुछ दिनों के मुताबिक, गैस लेने वालों की संख्या में इजाफा हुआ है. युद्ध के बीच पेट्रोल व डीजल के दामों में बढ़ोतरी हो चुकी है. घरेलू रसोई गैस  14.2 किलो वाले सिलेंडर के दाम 60 रुपये का इजाफा किया गया है. घरेलू गैस सिलेंडर की कीमतों में वृद्धि ने आम लोगों को परेशानी में डाल दिया है. 

गैस सिलेंडर की कालाबाजारी में इजाफा

लगातार दोनों देशों के बीच जारी सैन्य कार्रवाई की वजह से तरह-तरह की चर्चाएं हैं. इसी बीच घरेलू गैस की किल्लत या फिर दाम बढ़ने की आंशका के बीच लोग एजेंसियों पर पहुंच रहे है. आरोप है कि किल्लत के बीच घरेलू गैस सिलेंडर की कालाबाजारी में भी इजाफा हो रहा है. लोगों की माने तो ब्लैक में 1200 से लेकर 1500 तक बेचा जा रहा है, जोकि समान्य दिनों में 1050 तक मिल जाया करता था.

बता दें कि ईरान-इजरायल युद्ध की वजह से भारत में गैस का संकट गहराता जा रहा है. ऐसे में उत्तर प्रदेश के कई जिलों में गैस एजेंसियों के बाहर लोगों की भीड़ उमड़ रही है. जगह-जगह लोग लंबी कतारों में खड़े हुए नजर आ रहे हैं. साथ ही उनका कहना है कि इस संकट की वजह से उन्हें काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है.

ये भी पढ़ें: UP Fuel Shortage: यूपी में 17-18 दिन का पेट्रोल-डीजल स्टॉक, स्टेट लेवल कोऑर्डिनेटर संजय भंडारी का बड़ा दावा

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *