Skip to content

महाराष्ट्र: पत्नी को 3 बार जहर देने में नाकाम हुआ शिक्षक, एक लाख रुपये की सुपारी देकर करवाई हत्या! 

महाराष्ट्र के बुलढाणा जिले से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां एक शिक्षक ने ही अपनी शिक्षिका पत्नी की हत्या की साजिश रच डाली. जांच में सामने आया कि आरोपी पति ने पहले कई बार पत्नी को जहर देकर मारने की कोशिश की, लेकिन हर बार उसकी योजना नाकाम रही. आखिरकार उसने सुपारी देकर पत्नी की हत्या करवा दी.

पुलिस के अनुसार घटना 2 मार्च की सुबह की है. मृतका रुशाली गांवड़े अपनी स्कूटी से पिंपलगांव काले स्थित स्कूल जा रही थीं. इसी दौरान रास्ते में एक सफेद रंग की टाटा पिकअप ट्रक ने उनकी स्कूटी को जोरदार टक्कर मार दी. इस हादसे में उनकी मौके पर ही मौत हो गई.

खाने में तीन बार मिलाया था जहर

शुरुआत में मामला सड़क दुर्घटना का लग रहा था, लेकिन जांच के दौरान पुलिस को कई संदिग्ध पहलू नजर आए. जब आसपास के सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों की जांच की गई तो शक की दिशा उस सफेद टाटा इंट्रा वाहन की ओर गया, जिसका नंबर MH-28-BB-5753 बताया गया. यह घटना कवथल गांव, जलगांव जामोद तहसीलके पास हुई थी.

पुलिस जांच में खुलासा हुआ कि मृतका के पति प्रकाश गवांडे ने इससे पहले तीन बार अपनी पत्नी को खाने में जहर देकर मारने की कोशिश की थी. हालांकि, हर बार वृषाली की जान बच गई और उसकी साजिश कामयाब नहीं हो पाई.

हत्या कर हादसा दिखाने की कोशिश

जब जहर देने की कोशिशें नाकाम रहीं, तो आरोपी ने हत्या के लिए नया तरीका अपनाया. पुलिस के मुताबिक प्रकाश गावंडे ने अपने परिचित मंगेश चुलकर के जरिए मनीष सूर्यवंशी को करीब 1 लाख रुपये में पत्नी की हत्या की सुपारी दी.

योजना के मुताबिक 2 मार्च की सुबह मनीष सूर्यवंशी ने वृषाली का पीछा किया और मौका मिलते ही पीछे से वाहन से टक्कर मार दी, जिससे उसकी मौत हो गई. आरोपियों ने इसे सड़क हादसा दिखाने की कोशिश की, लेकिन पुलिस की जांच में पूरा मामला हत्या का निकला.

तीनों आरोपी पुलिस हिरासत में

पुलिस ने इस मामले में मुख्य आरोपी पति प्रकाश गावंडे, बिचौलिये मंगेश चुलकार और वाहन चालक मनीष सूर्यवंशी को गिरफ्तार कर लिया है.

तीनों के खिलाफ BNS की धारा 103(1), 61(1) और 3(5) के तहत गंभीर आरोप दर्ज किए गए हैं. अदालत ने फिलहाल तीनों आरोपियों को तीन दिन की पुलिस हिरासत में भेज दिया है. पुलिस का कहना है कि मामले की आगे भी जांच जारी है और हत्या के पीछे की पूरी साजिश को विस्तार से खंगाला जा रहा है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *