उत्तर प्रदेश के बरेली में बहेड़ी के लोधीपुर इलाके में सोमवार को एक ही घर में खुशी और गम का ऐसा मंजर देखने को मिला जिसने हर किसी को भावुक कर दिया. बेटी की शादी के लिए सजा घर उस समय मातम में बदल गया, जब दुल्हन की मां की अचानक तबीयत बिगड़ने से मौत हो गई. हालात ऐसे बने कि घर में मां का शव रखा था और दूसरी ओर नम आंखों के साथ बेटी की शादी की रस्में पूरी कराई गईं.
परिजनों के मुताबिक मंगलवार को अंतिम संस्कार किया जाएगा. इस नजारे को देखकर पूरे गांव में मातम छा गया. किसी को भी यकीन नहीं हो रहा कि परिस्थिति ऐसी भी बन सकती है, जिसमें मां की लाश के साथ बेटी के फेरे पूरे हो गए हों.
गोरखपुर से आई थी बारात
जानकारी के अनुसार, लोधीपुर निवासी प्रवीण सक्सेना की बेटी श्रद्धा की शादी गोरखपुर के महराजगंज निवासी प्रिकेश सक्सेना से तय थी. सोमवार को बारात गोरखपुर से बहेड़ी पहुंची थी और घर में शादी की रस्में चल रही थीं. दोपहर के समय भात की रस्म के दौरान परिवार और रिश्तेदार खुशी के माहौल में शामिल थे.
अचानक दुल्हन की मां की तबियत बिगड़ी
इसी बीच दुल्हन की मां रजनी सक्सेना की अचानक तबीयत बिगड़ गई. बताया जाता है कि उन्हें सीने में तेज दर्द हुआ और वह बेहोश होकर गिर पड़ीं. परिजन उन्हें अस्पताल ले जाने की तैयारी कर रहे थे, लेकिन उससे पहले ही उनकी मौत हो गई. प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक उनकी मौत दिल का दौरा पड़ने से हुई है. परिजनों का कहना है कि उन्हें पहले से लिवर से जुड़ी बीमारी भी थी.
शादी का माहौल गम में बदल गया
मां की मौत की खबर मिलते ही घर में कोहराम मच गया और शादी का माहौल गम में बदल गया. दूर-दराज से आई बारात और पहले से जुटे मेहमानों को देखते हुए परिवार के सामने बड़ी मुश्किल स्थिति खड़ी हो गई. आखिरकार परिजनों और रिश्तेदारों ने भारी मन से फैसला लिया कि बेटी की शादी की रस्में पूरी कर दी जाएं. इसके बाद रात में ही फेरे और विदाई की रस्में कराई गईं.
मंगलवार को होगा अंतिम संस्कार
बताया जा रहा है कि बारात की विदाई के बाद मंगलवार सुबह रजनी सक्सेना का अंतिम संस्कार किया जाएगा. इस घटना ने पूरे इलाके के लोगों को भावुक कर दिया और हर कोई इस परिवार के दुख में शामिल नजर आया.