Skip to content

Dehi News: उत्तम नगर हत्याकांड पर JNU में ABVP का प्रदर्शन, परिसर में पुतला फूंककर उठाई कार्रवाई की मांग

दिल्ली के उत्तम नगर में होली के दिन हुई तरुण कुमार की बर्बर हत्या ने पूरी दिल्ली को हिलाकर रख दिया है. पानी के गुब्बारे से शुरू हुए छोटे विवाद में 26 साल के तरुण की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई. इस घटना के खिलाफ अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) की जेएनयू इकाई ने सोमवार को विश्वविद्यालय परिसर में साबरमती ढाबे के पास पुतला दहन किया और दोषियों के खिलाफ तुरंत सख्त कार्रवाई की मांग की.

ABVP के कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन में जोरदार नारेबाजी की और प्रशासन से कहा कि मामले की निष्पक्ष और तेज जांच होनी चाहिए. संगठन का कहना है कि यह सिर्फ एक व्यक्ति की मौत नहीं, बल्कि समाज की शांति, कानून व्यवस्था और इंसानियत पर बड़ा हमला है. घटना में धार्मिक तनाव और सामाजिक वैमनस्य का पहलू सामने आने से चिंता और गहरा गई है.

जेएनयू एबीवीपी अध्यक्ष ने क्या कहा?

ABVP जेएनयू अध्यक्ष मयंक पांचाल ने कहा कि इस जघन्य कृत्य पर समाज के सभी वर्गों को संवेदनशीलता दिखानी चाहिए. लेकिन अफसोस कि वामपंथी संगठनों की तरफ से अब तक कोई साफ-साफ प्रतिक्रिया नहीं आई. निर्दोष युवक की हत्या जैसे मुद्दे पर चुप रहना संवेदनहीनता की हद है.

‘तरुण की हत्या बेहद निंदनीय है’

ABVP जेएनयू मंत्री प्रवीण पीयूष ने कहा कि तरुण की हत्या बेहद निंदनीय है. दोषियों को कड़ी सजा मिलनी चाहिए. समाज में शांति और सुरक्षा बनाए रखने के लिए ऐसे अपराधों पर जीरो टॉलरेंस जरूरी है. उन्होंने कहा कि पीड़ित परिवार को न्याय मिलना चाहिए, और यह मांग किसी विचारधारा या राजनीतिक फायदे के आधार पर नहीं होनी चाहिए,जैसा कुछ वामपंथी दल करते दिख रहे हैं.

हत्याकांड में कई गिरफ्तार

बता दें कि घटना 4 मार्च को जेजे कॉलोनी में हुई थी. पुलिस ने अब तक कई आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जिसमें महिलाएं और नाबालिग भी शामिल हैं. मामले में SC/ST एक्ट के तहत भी धाराएं लगाई गई हैं. इलाके में तनाव बरकरार है, और हिंदू संगठनों की तरफ से न्याय की मांग लगातार तेज हो रही है.

ये भी पढ़ें: Delhi News: दिल्ली पुलिस ने किया रुद्रप्रयाग डबल मर्डर का खुलासा, आरोपी दीपक गिरफ्तार

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *