दिल्ली पुलिस की स्पेशल स्टाफ टीम ने उत्तराखंड के रुद्रप्रयाग में हुए सनसनीखेज डबल मर्डर केस के आरोपी को दिल्ली से गिरफ्तार कर लिया है. आरोपी की पहचान दीपक बहादुर के रूप में हुई है, जो नेपाल का रहने वाला है.
आरोपी को पुलिस ने उस समय पकड़ा है जब वह नई दिल्ली रेलवे स्टेशन से मुंबई जाने के लिए ट्रेन पकड़ने की कोशिश कर रहा था. जानकारी के मुताबिक यह मामला 6 मार्च 2026 का है. रुद्रप्रयाग जिले के तिलवाड़ा गांव के रहने वाले योगेंद्र लाल ने पुलिस को सूचना दी कि दीपक बहादुर कई दिनों से अपने किराए के कमरे से दिखाई नहीं दे रहा है और कमरे से तेज बदबू आ रही है.
सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और कमरे का दरवाजा खोलकर जांच की. अंदर एक महिला और उसकी 9 साल की बेटी के शव मिले. दोनों की मौत कई दिन पहले हो चुकी थी. जांच के दौरान पता चला कि दीपक बहादुर उस महिला के साथ लिव-इन रिलेशनशिप में रह रहा था. महिला और उसकी बेटी के शव मिलने के बाद से ही वह फरार था, जिससे पुलिस को उस पर शक हुआ. इसके बाद रुद्रप्रयाग थाने में हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई.
दिल्ली पुलिस ने आजादपुर मंडी से किया गिरफ्तार
दिल्ली पुलिस ने टेक्निकल निगरानी और लगातार तलाश के बाद आरोपी की लोकेशन दिल्ली के आजादपुर मंडी इलाके में मिली. इसके बाद उत्तराखंड पुलिस ने दिल्ली पुलिस के नॉर्थ-वेस्ट जिले की स्पेशल स्टाफ टीम से संपर्क किया. दिल्ली पुलिस की टीम ने इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस और लगातार सर्च ऑपरेशन चलाकर आरोपी को नई दिल्ली रेलवे स्टेशन के पास से पकड़ लिया.
आरोपी ने किया अहम खुलासा
दिल्ली पुलिस की पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसकी महिला से फेसबुक पर पहचान हुई थी. बाद में दोनों साथ रहने लगे थे. कुछ समय बाद उसे शक हुआ कि महिला किसी और व्यक्ति के संपर्क में है. इसी बात को लेकर दोनों के बीच झगड़ा हुआ और गुस्से में उसने महिला और उसकी 9 साल की बेटी की हत्या कर दी. गिरफ्तारी के बाद दिल्ली पुलिस ने आरोपी को आगे की कार्रवाई के लिए उत्तराखंड पुलिस के हवाले कर दिया है. मामले की जांच अभी जारी है.
ये भी पढ़ें: दिल्ली: नॉर्थ ईस्ट की महिलाओं पर टिप्पणी का मामला, आरोपी दंपति की जमानत पर फैसला सुरक्षित