दिल्ली की सीएम रेखा गुप्ता ने सोमवार (9 मार्च) को दिल्ली सचिवालय में उत्तम नगर की दुखद घटना में मारे गए युवक तरुण के परिवार से मुलाकात की. मुख्यमंत्री ने परिवार के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की और भरोसा दिलाया कि इस कठिन समय में दिल्ली सरकार पूरी मजबूती के साथ उनके साथ खड़ी है.
दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा- सीएम
मुख्यमंत्री ने कहा कि तरुण के परिवार का दुख बहुत बड़ा है और सरकार उनकी पीड़ा को समझती है. उन्होंने अधिकारियों को साफ निर्देश दिए हैं कि इस जघन्य अपराध में शामिल सभी आरोपियों के खिलाफ सख्त और तेजी से कानूनी कार्रवाई की जाए. उन्होंने कहा कि दोषियों को किसी भी हालत में बख्शा नहीं जाएगा.
दिल्ली के मालवीय नगर में नॉर्थ-ईस्ट की युवतियों से बदसलूकी, पुलिस ने दर्ज किया केस
पीड़ित परिवार को हर संभव सहायता- सीएम
सीएम रेखा गुप्ता ने यह भी आश्वासन दिया कि सरकार पीड़ित परिवार को हर संभव सहायता देगी. परिवार की सुरक्षा और संरक्षण के लिए भी जरूरी कदम उठाए जा रहे हैं, ताकि उन्हें किसी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े.
4 मार्च को हुई थी घटना
दरअसल, यह घटना 4 मार्च को दिल्ली के उत्तम नगर इलाके की जेजे कॉलोनी में हुई थी. जानकारी के मुताबिक, होली के दिन एक छोटी बच्ची द्वारा फेंके गए पानी के गुब्बारे से दो पड़ोसी परिवारों के बीच विवाद शुरू हो गया. बाद में यह झगड़ा इतना बढ़ गया कि रात में कुछ लोगों ने 26 वर्षीय तरुण पर हमला कर दिया. गंभीर चोट लगने के बाद इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई.
पुलिस ने क्या बताया?
पुलिस के अनुसार, दोनों परिवारों के बीच पहले से भी कई सालों से छोटे-छोटे विवाद होते रहे थे, जैसे पार्किंग और कचरे को लेकर झगड़े. इसी पुरानी रंजिश ने इस बार बड़ी हिंसक घटना का रूप ले लिया.
दिल्ली दंगा मामला: शरजील इमाम को बड़ी राहत, कोर्ट ने दी अंतरिम जमानत
कई आरोपी गिरफ्तार?
घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल बन गया था और बड़ी संख्या में लोग न्याय की मांग को लेकर सड़कों पर उतर आए थे. पुलिस ने मामले में कई आरोपियों को गिरफ्तार किया है और जांच लगातार जारी है. मुख्यमंत्री ने कहा कि दिल्ली में इस तरह की अमानवीय और हिंसक घटनाओं को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा. सरकार का कहना है कि आरोपियों के खिलाफ ऐसी कार्रवाई की जाएगी जिससे समाज में साफ संदेश जाए कि दिल्ली में अपराध के लिए कोई जगह नहीं है.