Skip to content

Delhi News: दिल्ली BJP अध्यक्ष बोले- पंजाब में महिला समृद्धि योजना को लेकर AAP नेताओं में विरोधाभास

दिल्ली भाजपा अध्यक्ष वीरेन्द्र सचदेवा ने आम आदमी पार्टी के नेताओं पर पंजाब में महिला समृद्धि योजना को लेकर विरोधाभासी बयान देने का आरोप लगाया है. उन्होंने कहा कि मनीष सिसोदिया और सौरभ भारद्वाज के मीडिया बयान खुद इस बात को साबित करते हैं कि चुनावी वादों को पूरा करने में आम आदमी पार्टी सरकार गंभीर नहीं रही है.

दिल्ली भाजपा अध्यक्ष वीरेन्द्र सचदेवा ने कहा कि, “आम आदमी पार्टी के नेता मनीष सिसोदिया और सौरभ भारद्वाज द्वारा पंजाब में “मांवां धियां दी सत्कार योजना” को लेकर दिए गए बयान पूरी तरह विरोधाभासी हैं. उनका कहना है कि दोनों नेताओं के वक्तव्य यह दिखाते हैं कि पार्टी अपने ही वादों को लेकर स्पष्ट नहीं है.

‘AAP स्वीकारा नहीं लागू हो पाई महिला समृद्धि योजना’

सचदेवा ने कहा कि आम आदमी पार्टी के नेताओं ने खुद स्वीकार किया है कि 2022 के पंजाब विधानसभा चुनाव से पहले अरविंद केजरीवाल ने वादा किया था कि सरकार बनते ही महिलाओं के लिए महिला समृद्धि योजना लागू कर दी जाएगी. लेकिन अब सरकार का पांचवां वर्ष शुरू होने के बाद इस योजना के लिए बजट का प्रावधान किया गया है. 

‘वादा पूरा करने के लिए होता है 5 साल का समय’

उन्होंने तंज कसते हुए कहा, “जिस योजना का वादा चुनाव से पहले किया गया था, उसके तहत महिलाओं को एक हजार रुपये मिलने में भी शायद दिवाली तक का इंतजार करना पड़े.” दिल्ली भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि कोई भी राजनीतिक दल जब चुनाव से पहले जनता से कोई संकल्प करता है तो उसे पूरा करने के लिए उसके पास पूरे पांच वर्ष का समय होता है. ऐसे में चुनावी वादों को समय पर लागू करना सरकार की जिम्मेदारी होती है.

दिल्ली की अर्थव्यवस्था और कर्ज का मुद्दा

वीरेन्द्र सचदेवा ने आरोप लगाया कि अरविंद केजरीवाल की सरकार दिल्ली पर लगभग 1.20 लाख करोड़ रुपये का कर्ज छोड़कर गई है. उन्होंने कहा कि वर्तमान भाजपा सरकार दिल्ली की बिगड़ी हुई आर्थिक स्थिति को सुधारने में जुटी हुई है. इसके साथ ही उन्होंने भरोसा दिलाया कि जल्द ही दिल्ली की महिलाओं को महिला समृद्धि योजना का लाभ मिलना शुरू होगा.

‘आप’ को भाजपा की योजनाओं पर टिप्पणी का अधिकार नहीं

सचदेवा ने कहा कि पंजाब में चार साल बाद जाकर “मांवां-धियां सत्कार योजना” के लिए बजट का प्रावधान करने वाली आम आदमी पार्टी को भाजपा की किसी भी गारंटी योजना पर टिप्पणी करने का कोई अधिकार नहीं है. उनका कहना है कि जो पार्टी अपने वादों को समय पर पूरा नहीं कर पाई, उसे दूसरों की योजनाओं पर सवाल उठाने से पहले अपने काम का हिसाब देना चाहिए.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *