सनातन धर्म रक्षा महासंघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष महंत चक्रेश जी महाराज और राष्ट्रीय प्रवक्ता भार्गव मुनीश जी महाराज के अयोध्या आगमन पर भव्य स्वागत किया गया. अयोध्या के एक निजी होटल में आयोजित कार्यकर्ता सम्मेलन और बैठक के साथ सनातन संकल्प यात्रा का कार्यक्रम संपन्न हुआ. कार्यक्रम में बड़ी संख्या में संगठन के कार्यकर्ता और पदाधिकारी मौजूद रहे.
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए राष्ट्रीय प्रवक्ता भार्गव मुनीश जी महाराज ने कहा, “सनातन धर्म तभी मजबूत होगा जब सनातन परंपरा के 16 संस्कार समाज के हर व्यक्ति तक पहुंचेंगे.” उन्होंने कहा कि, “सबसे पहले हमें संस्कारवान बनना होगा, तभी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का भारत को विश्व गुरु बनाने का सपना और समस्त हिंदू समाज का हिंदू राष्ट्र का संकल्प साकार हो सकेगा.”
‘अनुयायियों को सनातन धर्म की मूल परंपराओं से जोड़ने का कार्य’
वहीं सनातन धर्म रक्षा महासंघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष महंत चक्रेश जी महाराज ने कहा कि संगठन अपने अनुयायियों को सनातन धर्म की मूल परंपराओं से जोड़ने का कार्य कर रहा है. उन्होंने कहा कि सनातन धर्म के 16 संस्कारों को दोबारा अपनाने से समाज में एकता और मजबूती आएगी.
‘पांच राज्यों में सक्रिय रूप से कार्य कर रहा संगठन’
महंत चक्रेश जी ने बताया कि जनजागरण के इस अभियान के तहत संगठन अभी पांच राज्यों में सक्रिय रूप से कार्य कर रहा है. संगठन जिले से लेकर तहसील स्तर तक पहुंचकर घर-घर लोगों को सनातन परंपराओं के प्रति जागरूक कर रहा है. इस अवसर पर प्रांत प्रचारक आचार्य शिव शंकर, अयोध्या मंडल प्रभारी ओंकार नाथ पांडे,अन्य सहित सैकड़ों कार्यकर्ता शामिल रहे.
शंकराचार्य अविमुक्तेश्वरानंद के प्रतिनिधि ने पीसी
उधर, अयोध्या में ही शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती के विशेष प्रतिनिधि देवेंद्र पांडेय (गोप जी) ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) और उत्तर प्रदेश सरकार पर निशाना साधा है. साथ ही उन्होंने लखनऊ में आगामी 11 मार्च को होने शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद के कार्यक्रम के बारे में जानकारी दी. उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा के हिंदुत्व की परिभाषा संतों पर अत्याचार और गोहत्या जैसे मुद्दों पर मौन रहने तक सीमित हो गई है.