Skip to content

Punjab: मोगा में कुत्तों के झुंड ने महिला पर किया जानलेवा हमला, शरीर पर हुए गहरे घाव, अस्पताल में भर्ती

Stray Dog Attack Woman: मोगा जिले के गांव कपूरे में आज एक महिला पर आवारा कुत्तों के झुंड ने हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई. घायल महिला की पहचान जसविंदर कौर के रूप में हुई है. प्राथमिक उपचार के बाद उसे फरीदकोट मेडिकल कॉलेज और अस्पताल रेफर कर दिया गया. इस घटना ने गांव में दहशत का माहौल पैदा कर दिया है और ग्रामीणों ने प्रशासन से आवारा कुत्तों को काबू करने के लिए तुरंत कार्रवाई की मांग की है.

जानकारी के अनुसार कपूरे गांव की रहने वाली जसविंदर कौर अपने काम पर जा रही थी कि अचानक आवारा कुत्तों के झुंड ने उस पर हमला कर दिया. महिला की चीखें सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और उसे कुत्तों के चंगुल से बचाया. इस दौरान कुत्तों ने उसे बुरी तरह घायल कर दिया. 

गंभीर हालत में रेफर किया गया

घायल महिला को तुरंत उसके परिवार द्वारा मोगा सिविल अस्पताल पहुंचाया गया. सिविल अस्पताल के डॉक्टरों ने बताया कि महिला के शरीर पर कुत्तों के काटने के कई गहरे निशान थे. उसकी नाजुक हालत और संक्रमण के खतरे को देखते हुए उसे फरीदकोट मेडिकल कॉलेज और अस्पताल रेफर करने का फैसला किया गया. डॉक्टरों ने कहा कि महिला को विशेष उपचार की आवश्यकता है और उसके घाव गंभीर हैं. 

गांव में आवारा कुत्तों की बढ़ती संख्या और प्रशासन से मांग

इस घटना के बाद कपूरे गांव में डर और दहशत का माहौल फैल गया है. ग्रामीणों का कहना है कि गांव में आवारा कुत्तों की संख्या लगातार बढ़ रही है, जिसके कारण लोगों में डर है. खासकर बच्चों और बुजुर्गों के लिए अपने घर से बाहर निकलना मुश्किल हो गया है. ग्रामीणों ने कुत्तों पर काबू पाने की मांग की. उन्होंने यह भी कहा कि अगर प्रशासन ने इस मामले में तुरंत कार्रवाई नहीं की तो वे सड़कों पर उतरकर विरोध प्रदर्शन करने के लिए मजबूर होंगे.

इस घटना ने गांव में सुरक्षा के मुद्दे को फिर से उजागर किया है. ग्रामीणों का कहना है कि आवारा कुत्तों के नियंत्रण के लिए ठोस कदम उठाना अत्यंत आवश्यक है ताकि किसी और की जान को खतरा न हो.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *