उत्तर प्रदेश के जनपद हापुड़ से हैरान कर देने वाली घटना सामने आई है. यहां हापुड़ की पिलखुवा नगर पालिका परिषद अधिकारियों की लापरवाही का खामियाजा एक बाइक सवार और उसके दो बच्चों को भुगतना पड़ा. बाइक सवार अपने दो बच्चों सहित पिलखुवा क्षेत्र के मैंन बाजार में खुले नाले में गिर गया. आसपास के लोगों ने जब बाइक सवार को उसके दो बच्चों सहित नाले में गिरता हुआ देखा, तो वह तत्काल राहत और बचाव के लिए दौड़ पड़े.
बताया जा रहा है कि नाला काफी गहरा होने के बावजूद बाइक सवार युवक और उसके दो बच्चे ज्यादा गहराई में नहीं जा पाए, उससे पहले ही लोगों ने उन्हें बचा लिया. हादसे की यह वीडियो मौके पर लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हुई है. जिसमें साफ तौर पर देखा जा रहा है कि सड़क के बीचों बीच खुले हुए नाले में व्यक्ति असंतुलित होकर बाइक और अपने बच्चों सहित गिर रहा है.
नगर पालिका पर उठ रहे सवाल
इस घटना के सामने आने के बाद एक बार फिर स्थानीय लोगों में पिलखुवा नगर पालिका परिषद के अधिकारियों की लापरवाही पर सवाल खड़े हो रहे हैं. कहा जा रहा है कि क्षेत्र में ऐसे कई नाले हैं, जो अधिकारियों की अनदेखी और लापरवाही के चलते खुले हुए हैं और यहां आए दिन कोई ना कोई ऐसी घटना होती है, जिससे लोगों की जान पर बन आती है. लेकिन बावजूद इसके नगर पालिका के अध्यक्ष और अधिशासी अधिकारी अपनी जिम्मेदारियां से पल्ला झाड़ लेते हैं.
लोगों ने की कार्रवाई मांग
स्थानीय लोगों ने पिलखुवा नगर पालिका परिषद के अध्यक्ष और अधिशासी अधिकारी के खिलाफ कार्रवाई किए जाने की मांग भी की है. लोगों के मुताबिक इस तरह खुले नाले में आगे भी घटनाएं हो सकती हैं, लिहाजाज इनका उचित प्रबंध किया जाए, ताकि फिर कोई घटना न हो. इस मामले में अभी नगर पालिका अधिकारियों की तरफ से कोई प्रतिक्रिया नहीं आई है.