उत्तराखंड के देहरादून–हरिद्वार नेशनल हाईवे पर मोतीचूर फ्लाईओवर के पास 8 मार्च की रात एक भीषण सड़क हादसा हो गया. ऋषिकेश से हरिद्वार की ओर जा रहे कई वाहन आपस में टकरा गए, जिसके बाद एक वैगनआर कार में आग लग गई.
हादसा इतना भयावह था कि आग की लपटों को दूर से ही देखा जा सकता था. हादसे के बाद हाईवे पर लंबा जाम भी लग गया, कई गाड़ियां सड़क पर फंसी रहीं. इस हादसे में ट्रैक्टर-ट्रॉली में सवार एक महिला की मौके पर मौत हो गई, जबकि कई लोग घायल हो गए.
कैसे हुआ हादसा?
एसपी सिटी हरिद्वार अभय सिंह के अनुसार यह दुर्घटना रात करीब 9:30 से 10 बजे के बीच हुई. फ्लाईओवर पर आगे चल रही ट्रैक्टर-ट्रॉली के पीछे बस और अन्य वाहन आ रहे थे. अचानक ट्रैक्टर-ट्रॉली के ब्रेक लगने से पीछे चल रहे वाहन नियंत्रण खो बैठे और एक के बाद एक कई वाहन आपस में टकरा गए. लोगों का कहना है कि हाईवे होने के कारण आमतौर पर ओवर स्पीड में वाहनों का चलना ऐसे हादसों की वजह बनता है.
CNG कार में लगी आग, कई वाहन चपेट में
टक्कर के दौरान एक वैगनआर कार में लगे CNG सिलेंडर की वजह से अचानक आग भड़क उठी. आग तेजी से फैलते हुए आसपास खड़े या टकराए अन्य वाहनों तक पहुंच गई. आग काफी भयावह था, जिसकी लपटें दूर से ही देखी जा सकती थीं. सोशल मीडिया पर इस हादसे का वीडियो वायरल है. इससे घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई और वाहन चालकों व यात्रियों में दहशत फैल गई.
पुलिस और फायर ब्रिगेड ने संभाला मोर्चा
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीमें तुरंत मौके पर पहुंच गईं. दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया और घायलों को बाहर निकालकर अस्पताल भेजा. बाद में पुलिस ने क्षतिग्रस्त वाहनों को हटाकर हाईवे पर यातायात को फिर से सुचारू कर दिया.